Skip to main content

TR NEWS UP-UK

खतौली के बाद मुजफ्फरनगर पहुंचे पद्म भूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल में हुआ भव्य अभिनंदन

 

*पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित प्रख्यात पर्यावरणविद् का विद्यालय प्रबंधन एवं शहर के शिक्षकों ने किया सम्मान*

मुजफ्फरनगर। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में देश-विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने वाले प्रख्यात पर्यावरणविद् एवं पद्म भूषण से सम्मानित डॉ. अनिल प्रकाश जोशी का खतौली के बाद मुजफ्फरनगर आगमन हुआ। इस अवसर पर जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल में उनका गरिमामय अभिनंदन किया गया। समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रमुख सदस्य  सचिन गोयल,  शाश्वत गोयल,  सुलभ गोयल एवं  पवन गोयल, प्रधानाचार्या डॉ. स्वाति शर्मा, उप-प्रधानाचार्या  अंजली आनंद सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं मुजफ्फरनगर के विभिन्न विद्यालयों से पधारे शिक्षकगण उपस्थित रहे।

डॉ. अनिल प्रकाश जोशी देहरादून स्थित हिमालयन पर्यावरण अध्ययन एवं संरक्षण संगठन (HESCO) के संस्थापक हैं। उन्होंने अपना जीवन प्रकृति एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए समर्पित किया है। उनका प्रेरक संदेश ‘प्रकृति ही प्रभु है’ मानव और प्रकृति के अटूट संबंध को दर्शाता है।

पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उनके नेतृत्व में नेपाल के जनकपुर धाम से उत्तराखंड तक लगभग 3,000 किलोमीटर की अंतरराष्ट्रीय साइकिल यात्रा ‘प्रगति पथ यात्रा – पेडल फॉर नेचर’ निकाली गई। इस अभियान के माध्यम से जल, वायु एवं मिट्टी के संरक्षण, वनों की कटाई रोकने तथा प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग का संदेश दिया गया।

डॉ. जोशी ने सकल पर्यावरण उत्पाद (GEP) की अवधारणा प्रस्तुत की, जिसे उत्तराखंड सरकार ने 5 जून 2021 को विकास के एक महत्त्वपूर्ण मापदंड के रूप में स्वीकार किया। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2006 में पद्म श्री तथा वर्ष 2020 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त वे जमनालाल बजाज पुरस्कार के प्राप्तकर्ता एवं अशोक फेलो भी हैं।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं शिक्षकों ने डॉ. जोशी के पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण और उनके दूरदर्शी विचारों की सराहना की। प्रधानाचार्या डॉ. स्वाति शर्मा एवं उप-प्रधानाचार्या श्रीमती अंजली आनंद ने उनके विचारों को वर्तमान समय की आवश्यकता बताते हुए प्रकृति संरक्षण को प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व बताया।

डॉ. जोशी का अभिनंदन समारोह पर्यावरणीय चेतना, सामाजिक उत्तरदायित्व और भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण के निर्माण का संदेश देने वाला प्रेरणादायी अवसर बना।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *