Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मुजफ्फरनगर कलश यात्रा में श्रद्धालु बनकर घुसी और लाखों के सोने व हीरे के गहने झटके

मुजफ्फरनगर। शहर के सर्कुलर रोड स्थित रेशु प्रांगण में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान चोरी की एक के बाद एक तीन घटनाओं ने पूरे आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी मचा दी। शातिरों ने ऐसी चालाकी से वारदात को अंजाम दिया कि महिलाओं को इसकी भनक तक नहीं लगी। तीन महिलाओं की सोने की चेन और डायमंड पेंडेंट चोरी होने के बाद श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। घटना के बाद लोगों ने घेराबंदी कर पांच संदिग्ध महिलाओं को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। बताया गया कि 13 से 20 नवंबर तक आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसी भीड़ को चोरों ने अपना निशाना बनाया। गाजियाबाद से आई राजबाला गोयल के साथ उस समय वारदात हुई, जब वह भोजन व्यवस्था के दौरान प्लेट लेकर कचोरी-सब्जी लेने पहुंची थीं। आरोप है कि इसी दौरान पीछे से आई एक महिला ने उनके कंधे पर हाथ रखते हुए अपनी प्लेट आगे कर दी। उन्हें कुछ असहजता महसूस हुई, लेकिन वह उस समय कुछ समझ नहीं सकीं। बाद में गले पर हाथ लगाया तो करीब एक तोले की सोने की चेन और एक तोले का डायमंड पेंडेंट गायब मिला। चोरों का दूसरा निशाना अलीगढ़ निवासी मीरा अग्रवाल बनीं। उनके गले से करीब डेढ़ तोले की सोने की चेन और भारी डायमंड पेंडेंट गायब हो गया। वहीं मुजफ्फरनगर निवासी रीना की करीब ढाई तोले की सोने की चेन और लॉकेट भी चोरी कर लिया गया। एक ही आयोजन में तीन महिलाओं के आभूषण गायब होने से हड़कंप मच गया। लगातार हुई घटनाओं के बाद श्रद्धालुओं ने संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान शक के आधार पर पांच महिलाओं को पकड़ लिया गया। सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी सिद्धार्थ कुमार मिश्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस पांचों महिलाओं को थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने पूछताछ में अलग-अलग शहरों का निवासी होना बताया है।

धार्मिक आयोजन में हुई इन घटनाओं ने सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि इतने बड़े आयोजन में भारी भीड़ उमड़ने के बावजूद सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं दिखाई दिए। फिलहाल पुलिस चोरी गए आभूषणों की बरामदगी और पकड़ी गई संदिग्ध महिलाओं की भूमिका की जांच में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही चोरी की वारदातों में उनकी संलिप्तता स्पष्ट हो सकेगी।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *