Skip to main content

TR NEWS UP-UK

सपा जिलाध्यक्ष के करीबी तीन युवकों पर दुष्कर्म के गंभीर आरोप

पीड़िता ने मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार

मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष के करीबी बताए जा रहे दो युवा पदाधिकारियों समेत तीन लोगों पर एक युवती ने दुष्कर्म, शादी का झांसा देने और अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने मुख्यमंत्री सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत भेजकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता के मुताबिक, थाना नई मंडी क्षेत्र के अंतर्गत रहने वाली युवती ने समाजवादी छात्र सभा के महानगर ईकाई के पदाधिकारियों पर शादी का झांसा देकर भोपा रोड स्थित एक होटल में कई बार बुलाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। युवती का यह भी आरोप है कि आरोपी ने उसकी फोटो और वीडियो बना ली तथा उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर शिकायत न करने का दबाव बनाया। पीड़िता ने समाजवादी पार्टी के छात्र सभा नेता, जिला सोशल मीडिया प्रभारी और एक अन्य सपा कार्यकर्ता पर भी इस पूरे मामले में संलिप्त होने के गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि उसे वीडियो वायरल करने की धमकी देकर चुप रहने के लिए मजबूर किया जा रहा था।

गौरतलब है कि बीती 6 नवंबर को भोपा रोड स्थित एक होटल में सपा नेताओं के पहुंचने और वहां युवती के परिजनों द्वारा मौके पर पहुंचकर कथित मारपीट किए जाने की चर्चा शहर में खूब हुई थी। उस समय घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह की बातें सामने आई थीं। अब पीड़िता के सामने आकर शिकायत करने से यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। फिलहाल पीड़िता ने मुख्यमंत्री और संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और पुलिस की कार्रवाई का विवरण सामने आना अभी बाकी है। आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *