Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मुजफ्फरनगर के प्रणव स्वरूप की स्मृति में दून स्कूल में 40 लाख से बना ‘रिसोर्स सेंटर’

 

मुजफ्फरनगर। नगर के उद्यमी परिवार से ताल्लुक रखने वाले और ‘द दून स्कूल’ के मेधावी छात्र रहे स्वर्गीय प्रणव स्वरूप की पावन स्मृति में उनके 2006 बैच के साथियों ने एक अनूठी मिसाल पेश की है। स्कूल के संस्थापक दिवस (फाउंडर्स डे) के अवसर पर देहरादून के प्रतिष्ठित ‘द दून स्कूल’ परिसर में प्रणव की याद में लगभग 40 लाख रूपये की कीमत से बना एक भव्य ‘रिसोर्स सेंटर’ का निर्माण कराया। यह रिसोर्स सेंटर आने वाले वर्षों में स्कूल के विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सेवा करेगा। स्कूल समुदाय ने इस सराहनीय पहल का बेहद आत्मीयता और गहरी प्रशंसा के साथ स्वागत किया। इस रिसोर्स सेंटर का भव्य उद्घाटन प्रणव के पिता श्री आलोक स्वरूप, माता श्रीमती माधवी स्वरूप, पत्नी श्रीमती सौम्या स्वरूप तथा भाई-बहन श्री प्रभाव स्वरूप एवं सुश्री श्रेया स्वरूप द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। प्रणव स्वरूप मुजफ्फरनगर के प्रसिद्ध स्वरूप परिवार से ताल्लुक रखते थे। मुजफ्फरनगर से अपनी शुरुआती स्कूली शिक्षा और ‘द लॉरेंस स्कूल, सनावर’ में दो साल पढ़ाई करने के बाद, उन्होंने कक्षा 7 में ‘द दून स्कूल’ में प्रवेश लिया और ‘टाटा हाउस’ के सदस्य के रूप में कक्षा 12वीं तक शिक्षा प्राप्त की। दून स्कूल में अध्ययन के दौरान प्रणव एक असाधारण खिलाड़ी थे। वे आठ खेलों में सक्रिय रहे, जिनमें से छह खेलों क्रिकेट, एथलेटिक्स (ट्रैक), जिम्नास्टिक्स, क्रॉस-कंट्री, टेबल टेनिस और फुटबॉल की कप्तानी की। उन्होंने क्रॉस-कंट्री और फुटबॉल में स्कूल की टीम का नेतृत्व किया और उनकी खेल उत्कृष्टता के सम्मान में उन्हें प्रतिष्ठित ‘गेम्स ब्लेज़र’ से सम्मानित किया गया था। खेलों के साथ-साथ वे पढ़ाई में भी बेहद अव्वल रहे। उन्होंने अपनी इस प्रतिभा और संतुलन को ‘किंग्स कॉलेज लंदन’ में भी बनाए रखा, जहाँ वे अपने बैच के टॉपर्स में शामिल रहे। उन्होंने विश्वविद्यालय की क्रिकेट और फुटबॉल टीमों का प्रतिनिधित्व किया तथा 42 किलोमीटर की मैराथन दौड़ भी जीती। भारत लौटने के बाद, प्रणव अपने पारिवारिक व्यवसाय से जुड़े। प्रणव के मित्र उन्हें एक बेहद मिलनसार, सहृदय और अनवरत मेहनती व्यक्ति के रूप में याद करते हैं। उनके साथियों ने दोस्ती को जिंदा रखते हुए प्रणव स्वरूप की याद में एक रिसोर्स सैन्टर बनाकर एक मिसाल कायम की।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *