मुजफ्फरनगर। मंगलौर, जनपद हरिद्वार की एप्रो ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड की निदेशक अभिलाषा सिंह ने कुछ लोगों पर जमीन दिलाने के नाम पर सात करोड़ रुपये वसूलने व बैनामा करने से इंकार करने का आरोप लगाया है।
एप्रो ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड एप्रो ग्लोबल लिमिटेड की सहायक कंपनी है। इसकी निदेशक अभिलाषा सिंह ने आज पत्रकारों को बताया कि हमारी कम्पनी द्वारा मुख्यमंत्री योगी की औद्योगिक विकास नीति से प्रेरित होकर जिला मुजफ्फरनगर मौजा माण्डला में लार्ज स्केल इण्डस्ट्रीयल पार्क लगाने का प्रोजेक्ट तैयार किया था, ताकि मुजफ्फरनगर वासियों को कम से कम 5000 व्यक्तियों को रोजगार मिल सके तथा उत्तर प्रदेश राज्य के विकास में हमारी कम्पनी सहयोग कर सके। परन्तु लार्ज स्केल इण्डस्ट्रीयल पार्क की भूमि खरीदने के प्रथम चरण में ही हमारे साथ भूस्वामियों व प्रोपर्टी डीलरों द्वारा आपस में मिलकर द्वारा कम्पनी से करोड़ों रुपये की रकम प्राप्त करके बैनामे कम्पनी के नाम नहीं किये हैं, जिसकी बाबत आज यह प्रेस वार्ता बुलाई गयी है।
कंपनी को मुजफ्फरनगर में औद्योगिक परियोजना स्थापित करने के लिए भूमि की आवश्यकता थी। इसी दौरान जितेंद्र वर्मा और मुशीर आलम ने कथित तौर पर कंपनी को जमीन उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। भूमि खरीदने तथा कंपनी के नाम रजिस्ट्री कराने तथा भराव का आश्वासन देकर कंपनी की रकम विभिन्न व्यक्तियों और उनके परिजनों के बैंक खातों में स्थानांतरित कराई गई। रकम प्राप्त करने के बावजूद संबंधित व्यक्तियों ने कंपनी के पक्ष में भूमि की रजिस्ट्री नहीं कराई । रकम वापस मांगने पर कथित रूप से इनकार किया गया तथा धमकी भी दी गई। शिकायत में धोखाधड़ी, जालसाजी और सुनियोजित षड्यंत्र किया गया। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
उनका कहना है कि मुशीर आलम, जितेन्द्र वर्मा, महकार सिंह कटार सिंह, अजय, विजय, कुलवीर सिंह, विकास कुमार, बालक राम, बालेश, मामचन्द, सिद्धगोपाल शर्मा, तिलकराम, जसवीर, बिजेंद्र, अमरेश, राजकुमार आदि व्यक्तियों द्वारा उनके साथ सुनियोजित षडयन्त्र व धोखाधडी करके करोडों रूपये ऐंठ लिये गये तथा महिला उद्यमी द्वारा पैसा मांगने या बैनामा करने को कहा गया तो इन व्यक्तियों द्वारा महिला उद्यमी को जान से मारने की धमकी दी गई।


