Skip to main content

TR NEWS UP-UK

श्रीराम कॉलेज ने एसडी पीजी कॉलेज को हराकर जीता अंतरमहाविद्यालयी क्रिकेट टूर्नामेंट.

मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज, मुजफ्फरनगर ने मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर की अंतरमहाविद्यालयी क्रिकेट (पुरुष वर्ग) प्रतियोगिता 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता के पांचवें और अंतिम दिन खेले गए फाइनल मुकाबले में श्रीराम कॉलेज की टीम ने एसडी पीजी कॉलेज, मुजफ्फरनगर को 73 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मुकाबले में श्रीराम कॉलेज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 157 रन बनाए। श्रीराम कॉलेज की ओर से हर्षित नामदेव ने 48 गेंदों पर 50 रनों की शानदार पारी खेली और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसडी पीजी कॉलेज की टीम श्रीराम कॉलेज के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 15 ओवर में 84 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस प्रकार श्रीराम कॉलेज ने 73 रनों के अंतर से जीत हासिल कर विश्वविद्यालय स्तर पर अपनी श्रेष्ठता साबित की। एसडी पीजी कॉलेज की ओर से मोहम्मद हमजा ने 3.4 ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट लिए।

 

समापन समारोह में श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के चेयरमैन डॉ. एससी कुलश्रेष्ठ मुख्य अतिथि रहे। बीसीसीआई सदस्य एवं मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मनोज पुंडीर, श्रीराम कॉलेज की प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल, डीन एकेडमिक्स डॉ. विनीत कुमार शर्मा तथा शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष प्रमोद कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय की ओर से पर्यवेक्षक एवं चयनकर्ता डॉ. शरद चौधरी भी मौजूद रहे। चेयरमैन डॉ. एससी कुलश्रेष्ठ और प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल ने विजेता टीम को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता में अम्पायर की भूमिका मोहम्मद शोएब और पलक शर्मा ने निभाई, जबकि जय साहनिया और विशु स्कोरर रहे। टीम के कोच अमरदीप शर्मा और मैनेजर तरुण वर्मा के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर विभाग के शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *