Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मुजफ्फरनगर संत रविदास बेगमपुरा सनातन संदेश यात्रा का शिव चौक पर गौरव स्वरूप ने किया स्वागत

 

हरिद्वार से काशी जा रही यात्रा में शामिल महामंडलेश्वर संत संदीप स्वामी रविदासाचार्य का गौरव स्वरूप ने किया अभिनंदन

शिव चौक पर गूंजे संत रविदास के जयकारे, संदेश यात्रा का स्वागत, सामाजिक समरसता का दिया संदेश

मुजफ्फरनगर। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही संत रविदास बेगमपुरा सनातन संदेश यात्रा के मुजफ्फरनगर पहुंचने पर शिव चौक पर भव्य स्वागत किया गया। वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप के नेतृत्व में शहर के गणमान्य नागरिकों और व्यापारियों ने यात्रा का स्वागत करते हुए महामंडलेश्वर संत संदीप स्वामी रविदासाचार्य का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप द्वारा संत रविदास के विचारों, सनातन संस्कृति और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

हरिद्वार से काशी तक निकाली जा रही यह यात्रा 18 अक्टूबर 2026 को प्रारंभ हुई थी। गुरु संत रविदास विश्व महापीठ के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर संत स्वामी संदीप खत्री रविदासाचार्य के नेतृत्व में यात्रा विभिन्न स्थानों से होते हुए आगे बढ़ रही है। मुजफ्फरनगर में स्वागत के दौरान श्रद्धालुओं और व्यापारिक संगठनों से जुड़े लोगों ने संतों का अभिनंदन किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप ने कहा कि संत रविदास ने अपने विचारों और वाणी के माध्यम से समाज को समानता, भाईचारे और आपसी सद्भाव का मार्ग दिखाया। उनका संदेश आज भी समाज के लिए प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि संत रविदास का ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा का विचार मन की पवित्रता और सच्ची आस्था का महत्व बताता है। उनकी शिक्षाएं समाज में व्याप्त भेदभाव को दूर करने और लोगों को एकता के सूत्र में बांधने की प्रेरणा देती हैं।

गौरव स्वरूप ने कहा कि संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित बेगमपुरा सनातन संदेश यात्रा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता का भी संदेश दे रही है। उन्होंने संत संदीप स्वामी रविदासाचार्य के मुजफ्फरनगर आगमन को सौभाग्य बताते हुए कहा कि संतों के विचारों से समाज को सकारात्मक दिशा मिलती है। उन्होंने सनातन संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने धर्म और संस्कृति के संरक्षण के साथ सामाजिक एकता को मजबूत बनाने का संदेश देते हुए कहा कि संतों की वाणी और उनके आदर्श समाज को सही दिशा दिखाते हैं। संत रविदास की शिक्षाएं सभी लोगों को समानता, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।

यात्रा का नेतृत्व कर रहे महामंडलेश्वर संत संदीप स्वामी रविदासाचार्य ने अपने आशीर्वचन में कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में हरिद्वार से बनारस तक सनातन संदेश यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत डॉ. स्विन्द्र पुरी के मार्गदर्शन और आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि के निर्देशन में आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर काशी पहुंचा जाएगा। वहां संत रविदास की जन्मस्थली पर जलाभिषेक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रा का प्रमुख उद्देश्य संत रविदास के बेगमपुरा के विचार को जन-जन तक पहुंचाना है।

स्वागत कार्यक्रम में कृष्ण गोपाल मित्तल, शलभ गुप्ता, सुनील तायल, जनार्दन विश्वकर्मा, विकल्प जैन, दीपक मित्तल सर्राफ, राजेंद्र प्रसाद गर्ग, विपिन गुप्ता, अक्षित अग्रवाल, परवीन उपाध्याय, सौरभ गर्ग, मयंक जैन, गौरव मुंडे, रॉबिन संगल और अखिलेश शर्मा सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं व्यापारी नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सनातन धर्म के जयघोष के बीच संदेश यात्रा को अगले पड़ाव के लिए रवाना किया गया।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *