Skip to main content

TR NEWS UP-UK

जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन

मुज़फ्फरनगर। जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, मुज़फ्फरनगर में शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को कक्षा छह से बारहवीं तक की छात्राओं के लिए ‘मासिक धर्म स्वच्छता एवं आधुनिक चुनौतियाँ’ विषय पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. स्वाति शर्मा ने मुख्य वक्ता डॉ. वंदना जैन का स्वागत करते हुए उन्हें सम्मानित किया।

कार्यक्रम का संचालन रूबी सिंह मलिक ने किया। कार्यशाला में मुख्य वक्ता डॉ. वंदना जैन ने मासिक धर्म के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, स्वस्थ आदतें अपनाने तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों और मिथकों को दूर करने के महत्त्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को मासिक धर्म के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने, अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा इस विषय पर बिना किसी संकोच के खुलकर संवाद करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, उन्होंने उचित स्वच्छता, सही जानकारी और सकारात्मक सोच के माध्यम से मासिक धर्म से जुड़ी चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने के महत्त्व को भी रेखांकित किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. स्वाति शर्मा ने छात्राओं के स्वास्थ्य एवं कल्याण से संबंधित ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को उनके सर्वांगीण विकास के लिए महत्त्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की उपप्रधानाचार्या श्रीमती अंजली आनंद ने डॉ. वंदना जैन के प्रति उनके बहुमूल्य मार्गदर्शन एवं उपयोगी सुझावों के लिए आभार व्यक्त किया। यह कार्यशाला छात्राओं को मासिक धर्म संबंधी सही जानकारी प्रदान करने, सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने तथा उनमें स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास विकसित करने की दिशा में एक सार्थक पहल रही।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *