राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार व्यवसायिक शिक्षा कौशल विकास और उधमशीलता विभाग उत्तर प्रदेश सरकार के प्रयासों से शुकतीर्थ के विकास को मिली बड़ी सौगात, 21 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत।
शुकतीर्थ के विकास के लिए 15 करोड़ रुपये की नई स्वीकृति, पूर्व में 5 करोड़ रुपये तथा कल्लरपुर कचौली मंदिर के लिए 1.25 करोड़ रुपये स्वीकृत।
मुज़फ्फरनगर 17अक्टूबर। जनपद के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थल शुकतीर्थ के विकास को गति देने के लिए प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। माननीय राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार व्यावसायिक शिक्षा कौशल विकास और उधमशीलता विभाग उत्तर प्रदेश सरकार श्री कपिल देव अग्रवाल के प्रयासों से शुकतीर्थ के विकास हेतु 21 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
शुकताल के विकास के लिए 15 करोड़ रुपये की स्वीकृति शासन द्वारा प्रदान की गई है। इससे पूर्व शुकतीर्थ के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये तथा कल्लरपुर कचौली स्थित मंदिर के विकास के लिए 1.25 करोड़ रुपये की धनराशि भी स्वीकृत की जा चुकी है।
माननीय मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि शुकतीर्थ जनपद मुज़फ्फरनगर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है। इस पवित्र तीर्थस्थल से लाखों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है। प्रदेश सरकार का संकल्प है कि धार्मिक स्थलों का समुचित विकास करते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ तथा इन स्थलों की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक गरिमा को और अधिक सुदृढ़ किया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वीकृत धनराशि के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्यों की कार्ययोजना तैयार कर उन्हें समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो तथा प्रत्येक कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जाए, ताकि शुकतीर्थ आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाओं का लाभ मिल सके।
मंत्री कपिल देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और तीर्थस्थलों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शुकतीर्थ एवं अन्य धार्मिक स्थलों के विकास से जनपद की आध्यात्मिक पहचान और अधिक सशक्त होगी तथा धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि शुकतीर्थ का विकास केवल आधारभूत सुविधाओं का विस्तार नहीं, बल्कि जनपद की आस्था, संस्कृति और गौरव को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का प्रयास है। प्रदेश सरकार क्षेत्र के धार्मिक स्थलों को विकसित कर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक वातावरण तैयार करने तथा स्थानीय विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।


