Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मुजफ्फरनगर से लखनऊ जा रहे एनएचएम संविदा कर्मियों की बस को बरेली में

लखनऊ जा रहे एनएचएम संविदा कर्मियों की बस को बरेली में 16 घंटे रोके रखने से कर्मचारियों में भारी आक्रोश, पांचवें दिन भी जारी रहा धरना

 

भारतीय मजदूर संघ ने दिया समर्थन, कार्रवाई होने पर चक्का जाम की चेतावनी

 

मुजफ्फरनगर, 13 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ (रजि.) के बैनर तले एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मियों का मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, मुजफ्फरनगर पर चल रहा धरना मंगलवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। धरने में आज संविदा कर्मियों के बीच भारी आक्रोश देखने को मिला। कर्मचारियों ने 11 अक्टूबर को लखनऊ जा रहे संविदा कर्मियों की बस को बरेली के थाना फतेहगंज क्षेत्र में कथित रूप से 16 घंटे तक रोके रखने और कर्मचारियों को थाने में बैठाए रखने की घटना पर कड़ी नाराजगी जताई। कर्मचारियों ने संबंधित पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

 

जिला अध्यक्ष डॉ. सचिन जैन ने बताया कि 11 अक्टूबर को मुजफ्फरनगर से लखनऊ में प्रस्तावित आंदोलन में शामिल होने जा रहे एनएचएम संविदा कर्मियों की बस को बरेली के फतेहगंज क्षेत्र में टोल नाके पर रोक लिया गया और सभी कर्मचारियों को थाने ले जाया गया। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें लगभग 16 घंटे तक थाने में रोके रखा गया। रात करीब 2 बजे उनके मोबाइल फोन भी ले लिए गए। बार-बार अनुरोध करने के बावजूद उन्हें अपने परिजनों से बात करने के लिए फोन उपलब्ध नहीं कराए गए।

 

डॉ. सचिन जैन ने बताया कि परिजनों से संपर्क न हो पाने और घर लौटने की अनुमति नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों ने थाना फतेहगंज के बाहर सड़क पर धरना शुरू कर दिया। कर्मचारियों के अनुसार, लगभग 12 घंटे तक विरोध करने के बावजूद न तो उनके फोन वापस किए गए और न ही उन्हें घर लौटने की अनुमति मिली। इस दौरान मुजफ्फरनगर में भी काफी समय तक बस में सवार कर्मचारियों की स्थिति की जानकारी नहीं मिल सकी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरनगर पुलिस को बरेली पहुंचना पड़ा। शाम करीब 6 बजे मुजफ्फरनगर पुलिस के पहुंचने के बाद पुलिसकर्मी बस में सवार हुए और पुलिस वाहन की निगरानी में बस मुजफ्फरनगर पहुंची।

 

इस घटना से आक्रोशित संविदा कर्मियों ने थाना फतेहगंज के एसएचओ के विरुद्ध उचित जांच कर कार्रवाई करने की मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को रखने और आंदोलन में शामिल होने जा रहे स्वास्थ्य कर्मियों के साथ इस प्रकार का व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन से पूरी घटना की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदारी तय करने की मांग की।

 

स्वास्थ्य मंत्री के साथ वार्ता बेनतीजा, लखनऊ में अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान

 

संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री मयंक ठाकुर की 12 अक्टूबर को स्वास्थ्य मंत्री माननीय श्री बृजेश पाठक, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य एवं मिशन निदेशक के साथ वार्ता हुई, लेकिन कर्मचारियों की मांगों पर कोई सकारात्मक समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष ने लखनऊ में अनिश्चितकालीन धरना जारी रखने की घोषणा की। इसी क्रम में मुजफ्फरनगर में भी मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना जारी रखने का निर्णय लिया गया है।

 

संघ की प्रमुख मांगों में एनएचएम संविदा कर्मियों का नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन तथा कर्मचारियों को अन्य आवश्यक सेवा सुविधाएं उपलब्ध कराना शामिल है। कर्मचारियों का कहना है कि वे वर्षों से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, इसके बावजूद उनकी मांगों का समाधान नहीं किया जा रहा है।

 

भारतीय मजदूर संघ ने दिया समर्थन, चक्का जाम की चेतावनी

 

धरना स्थल पर भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्री केके शर्मा पहुंचे और एनएचएम संविदा कर्मियों के आंदोलन को अपना समर्थन दिया। उन्होंने सरकार एवं प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आंदोलनरत संविदा कर्मियों के विरुद्ध दमनात्मक कार्रवाई करने का प्रयास किया गया, तो भारतीय मजदूर संघ पूरे जिले में चक्का जाम करने के लिए बाध्य होगा।

 

इसके अतिरिक्त कई कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर संविदा कर्मियों की मांगों का समर्थन किया। समर्थन मिलने से आंदोलनरत कर्मचारियों का उत्साह बढ़ा और उन्होंने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प दोहराया।

 

धरने में डॉ. सचिन जैन, डॉ. राहुल वर्मा, डॉ. अंजू, डॉ. सुदेश, डॉ. सुधा, प्रियंका, प्रीति, गीता शर्मा, वैशाली शर्मा, ज्योति गुप्ता, प्रियंका शर्मा, प्रमिला, अलका शर्मा, अमृता शर्मा, नुसरत, मदन, डॉ. शमशेर, अश्विनी, जुनैद, अनिल कुमार, कामेश, विपुल, गौरव, पंकज, सूर्य प्रकाश, धर्मेंद्र, सलीम, अरुण मावी, विकल, डॉ. चेतन, डॉ. शरद सहित सैकड़ों की संख्या में एनएचएम संविदा कर्मी उपस्थित रहे।

 

संघ ने स्पष्ट किया कि जब तक कर्मचारियों की मांगों पर ठोस एवं सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक मुजफ्फरनगर में अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *