कैराना। सहारनपुर जनपद के गंगोह क्षेत्र में टायर फैक्ट्री मालिक अरबीन चौहान की पीट-पीटकर हत्या के मामले को लेकर मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। मामले में सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर कैराना थाना क्षेत्र के गांव मन्ना माजरा में पंचायत का आयोजन किया गया।
पंचायत में मृतक के परिजनों ने हत्याकांड को लेकर नाराजगी जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। परिजनों ने कहा कि अरबीन चौहान की हत्या करने वालों के खिलाफ ऐसी प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।
परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई। उनका कहना है कि हत्याकांड में शामिल आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होने से ही परिवार को न्याय का एहसास होगा।
पंचायत में मौजूद ग्रामीणों ने भी मृतक के परिजनों की मांगों का समर्थन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की। परिजनों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें गांव से पलायन करने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।

