Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मेरठ-करनाल हाईवे पर ट्रक ने मारी बाइक को टक्कर, दो दोस्तों की मौत

मुजफ्फरनगर। मेरठ-करनाल हाईवे पर विज्ञाना गांव के पास ट्रक की चपेट में आने से जौला गांव के बाइक सवार दोस्त सावेज (19) और अनस (16) की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक भाग गया। मौके पर सैकड़ों लोग जमा हो गए।

 

क्षेत्र के गांव जौला निवासी सावेज अपने साथी अनस के साथ शनिवार को बाइक पर सवार होकर मेरठ से अपने गांव लौट रहा था। सुबह 11 बजे मेरठ-करनाल हाईवे पर विज्ञाना गांव के पास उनकी बाइक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई।

हादसे में दोनों बाइक सहित सड़क पर गिरकर घायल हो गए। चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। गंभीर हालत में दोनों को कस्बे की सीएचसी पर भर्ती करवाया गया। सीएचसी पर चिकित्सकों ने सावेज को मृत घोषित कर दिया। गंभीर अवस्था में अनस को मेरठ रेफर किया गया।

दोनों के परिजन भी अस्पताल मौके पहुंच गए। पंचनामा भरने के बाद पुलिस ने सावेज के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्राम प्रशासक हाजी जमशेद ने बताया कि मेरठ चिकित्सालय में उपचार के दौरान अनस की भी मौत हो गई।

बुढ़ाना कोतवाली के इंस्पेक्टर सुभाष अत्री ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लिया गया है। घटना की तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। आरोपी चालक की पुलिस तलाश कर रही है।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *