हापुड़ में 1.44 करोड़ रुपये के बंद हो चुके पुराने नोट बरामद
हापुड़। देहात पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 44 लाख रुपये की बंद हो चुकी पुरानी करेंसी के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वर्ष 2016 की नोटबंदी के दौरान बंद किए गए एक हजार और पांच सौ रुपये के नोटों की बड़ी खेप बरामद की है।आरोपी की गिरफ्तारी मेरठ बाईपास स्थित गोल चक्कर के पास से की गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों से संपर्क कर नई करेंसी के बदले भारी रकम देने का लालच देकर बंद हो चुके पुराने नोटों का सौदा करने और धोखाधड़ी करने के कथित नेटवर्क से जुड़ा था। इस काम के बदले उसे मोटा कमीशन मिलता था।पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर बरामद पुरानी करेंसी के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे नेटवर्क और पुराने नोटों की खेप से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

