मुजफ्फरनगर। पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव हरिनगर में करीब 15 वर्षीय ई नाबालिग किशोरी को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर घर बुलाने और बुर्का पहनाकर ई-रिक्शा से ले जाने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। किशोरी को ले जाते समय गांव की एक महिला ने उसे पहचान लिया और शोर मचा दिया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देख आरोपी महिला वहां से फरार हो गई। इसके बाद परिजन किशोरी को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। गांव हरिनगर निवासी किशोरी के पिता ने पुरकाजी थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि 28 सितंबर 2026 को दोपहर करीब एक बजे गांव की ही अफरोज पत्नी असलम उर्फ चूना उनकी करीब 15 वर्षीय नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाकर ले गई। आरोप है कि इसके बाद किशोरी को बुर्का पहनाकर ई-रिक्शा से कहीं ले जाने का प्रयास किया गया। तहरीर के अनुसार, किशोरी को ले जाते समय गांव की एक महिला ने उसे पहचान लिया। महिला ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देखकर अफरोज मौके से फरार हो गई। घटना के बाद परिजनों ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी और किशोरी को लेकर पुरकाजी थाने पहुंचे। पिता ने आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने
तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस किशोरी के बयान दर्ज करने के साथ ही घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। ई-रिक्शा से संबंधित जानकारी जुटाने के साथ मौके पर मौजूद लोगों के बयान भी लिए जा रहे हैं। पुलिस आरोपी महिला की तलाश में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि किशोरी को किस उद्देश्य से घर बुलाया गया था और उसे बुर्का पहनाकर ई-रिक्शा से कहां ले जाया जा रहा था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच में सामने आने वाले तथ्यों और बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


