मुजफ्फरनगर । सितंबर 19। स्पिक मैके द्वारा आयोजित ओडिसी नृत्य की कार्यशाला – प्रस्तुतीकरण श्रृंखला के अंतिम दिन ओडिसी नृत्यांगना ने नितिशा नंदा ने श्री सुक्खन लाल आदर्श कन्या इंटर कॉलेज मीरापुर तथा मॉडर्न इंटर कॉलेज रामराज में छात्राओं को शास्त्रीय नृत्य के मूलभूत तत्वों से परिचित कराते हुए मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
युवाओं के बीच देशव्यापी सांस्कृतिक जागरूकता में संलग्न संस्था स्पिक मैके के सप्ताह पर्यंत चलने वाली श्रृंखला में अंतिम दिवस के प्रातः कालीन सत्र में छात्राओं को ओडिसी नृत्य की मनोहारी छटा देखने को मिली । नृत्यांगना नितिशा नंदा ने जानकारी देते बताया कि भारत में आठ शास्त्रीय नृत्य होते हैं और सबकी अपनी विशेषता होती है पर सभी नृत्यों का आधार शास्त्र होते हैं । उनमें भरतमुनि का नाट्यशास्त्र प्रमुख हैं । कलागुरुओं ने उन्हीं से प्रेरणा लेकर अलग अलग शास्त्रीय नृत्य विकसित किए ।
कार्यालय के आरंभ में पारंपरिक मंगलाचरण की सुंदर प्रस्तुति के उपरांत उन्होंने बच्चों से भूमिप्रणाम का अभ्यास कराते हुए 24 शास्त्रीय हस्तमुद्राओं का अभ्यास कराया । तत्पश्चात भगवान जगन्नाथ पर केंद्रित सुंदर नृत्य रचना प्रस्तुत कर दर्शकों को भाव विभोर कर दिया । ओड़िया गीत पर आधारित गीत में राधा उलाहना देती हुई कहती है कि आपने तो हद कर दी, गोपुर में घर से निकलना दूभर कर दिया । कृष्ण अपनी लीला से राधा को बांसुरी बजाकर पुनः मना लेते हैं । नितिशा नंदा ने इस प्रसंग में अपनी कला से चार चांद लगा दिए । कार्यक्रम के अंत में शांत रस से ओतप्रोत आध्यात्मिक भाव को प्रकट करते हुए एक नृत्य रचना प्रस्तुत की।
श्रीसुक्खन लाल आदर्श कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या रेनू बेदी ने दीप प्रज्ज्वलन तथा नितिशा नंदा का स्वागत सम्मान किया। मॉडर्न स्कूल के स्टाफ ने कलाकारों का स्वागत सम्मान किया । कार्यक्रम के अंत में उन्होंने स्पिक मैके का तथा नितिशा नंदा का आभार प्रकट किया । । इस अवसर पर डॉ मृदुला मित्तल व नीति मित्तल आदि विशेष रूप से उपस्थित रहीं ।


