Skip to main content

TR NEWS UP-UK

14 से 24 सितंबर तक आयोजित होगा गणपति जन्मोत्सव

मुजफ्फरनगर ।नई मंडी के भरतिया कॉलोनी स्थित गणपति खाटू श्याम मंदिर परिवार ओर से इस साल भी भगवान श्री गणपति का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे गणेश धाम मंदिर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंदिर परिवार के मंत्री अनिल गोयल, संजय मित्तल और संरक्षक भीमसेन कंसल ने संयुक्त रूप से 14 से 24 सितंबर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी।

आयोजकों के मुताबिक, उत्सव के दौरान भगवान गणपति का नयनाभिराम स्वर्ण श्रृंगार, 56 भोग और रजत पालना विशेष आकर्षण होंगे। मंदिर परिसर को फूलों और आकर्षक लाइटों से सजाया जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि पूरे उत्सव के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उत्सव की शुरुआत सोमवार 14 सितंबर को सुबह 10 बजे भव्य शोभायात्रा के साथ होगी। शोभायात्रा मंदिर प्रांगण से शुरू होकर परंपरागत मार्ग से नवीन मंडी स्थित गुड़ मंडी, राजबाहा रोड, मुनीम कॉलोनी, नई मंडी बड़े डाकखाने के सामने, गौशाला रोड, पीठ बाजार, बिंदल बाजार, वकील रोड, चौड़ी गली, भोपा पुल, नई मंडी बिजलीघर सहित निर्धारित मार्गों से होकर वापस मंदिर पहुंचेगी।

 

आयोजकों के अनुसार शोभायात्रा में भगवान श्री गणपति का स्वर्ण रथ मुख्य आकर्षण रहेगा। इसके अलावा भगवान श्री खाटू श्याम जी का विशाल रथ, 12 झांकियां, चार बैंड, दो ढोल-ताशे, दो रथ, दो आतिशबाजी, दो DJ और दो टेंपो यात्रा में शामिल रहेंगे। देशभक्ति, महाकाल, हरसिद्धि माता और विराट रूप से जुड़ी झांकियों को भी विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है।

शोभायात्रा के मार्ग को तोरणद्वारों और झंडों से सजाने की तैयारी भी की जा रही है। मंदिर परिवार के अनुसार, यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के निवास और प्रतिष्ठानों तक मंगलकामना का संदेश पहुंचाने का प्रयास रहेगा। 14 सितंबर की शोभायात्रा के बाद 15 सितंबर को राधा नाम कीर्तन, 16 सितंबर को श्री राम संकीर्तन और 17 सितंबर को ताली कीर्तन होगा। 18 सितंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम और 19 सितंबर को श्री राधाष्टमी उत्सव आयोजित किया जाएगा। 20 सितंबर को श्री सुंदरकांड पाठ होगा।कार्यक्रमों की श्रृंखला में 21 सितंबर को देशभक्ति एवं भक्तिरस कार्यक्रम और 22 सितंबर को एकादशी संकीर्तन होगा। 23 सितंबर को शाम 4 बजे पूर्णाहुति होगी। इसके बाद 24 सितंबर को भगवान श्री गणपति का विसर्जन हरिद्वार के सर्वानन्द घाट पर भंडारे के साथ किया जाएगा।

 

मंदिर परिवार ने गणपति उत्सव को सद्भावना और सामाजिक एकता से जोड़ते हुए लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की है। समिति ने नगर पालिका परिषद से शोभायात्रा के मार्ग पर आयोजन से पहले और बाद में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया है। आयोजकों ने कहा कि स्वच्छता को लेकर प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान की भावना के अनुरूप यात्रा मार्ग को साफ रखने में सभी का सहयोग जरूरी है।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *