आजाद अधिकार सेना द्वारा ‘पुरुष अधिकार ब्रिगेड’ का गठन
लखनऊ। आजाद अधिकार सेना ने पुरुषों के अधिकारों, उनके साथ होने वाले अन्याय और उत्पीड़न तथा कानूनों के कथित दुरुपयोग से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से उठाने के लिए ‘पुरुष अधिकार ब्रिगेड’ का गठन करने की पहल की है।
आजाद अधिकार सेना का मानना है कि वैवाहिक विवादों, झूठे अथवा अतिरंजित आरोपों तथा महिला-केंद्रित कानूनों के कथित दुरुपयोग से प्रभावित पुरुषों की समस्याओं पर भी निष्पक्ष और संवेदनशील दृष्टिकोण आवश्यक है।इसी क्रम में राहुल माथुर को प्रदेश अध्यक्ष, पुरुष अधिकार ब्रिगेड, आजाद अधिकार सेना, उत्तर प्रदेश मनोनीत किया गया है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों की रक्षा आवश्यक है, लेकिन न्याय की कोई लैंगिक सीमा नहीं हो सकती। यदि पुरुषों के साथ अन्याय होता है, तो उनकी बात भी उतनी ही गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनी जानी चाहिए।उन्होंने कहा कि आज के समय महिलाओं के साथ हो रहे अन्याय से इतर पुरुषों के साथ अन्याय के भी तमाम मामले सामने आते रहते हैं। पुरुष अधिकार ब्रिगेड इसी आवश्यकता को एक संगठित और लोकतांत्रिक आवाज देने का प्रयास है। यह महिलाओं के विरुद्ध नहीं, बल्कि समान न्याय और समान कानूनी संरक्षण के पक्ष में पहल है।

