मुजफ्फरनगर। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम के अवसर पर जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाईन स्थित मन्दिर प्रांगण में हर्षाेल्लास से मनाया गया उत्सव, विभिन्न सांस्कृतिक कार्य़क्रमो का आयोजन किया गया। जनपदवासियो को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के पावन अवसर पर रात्रि को रिजर्व पुलिस लाइन मुजफ्फरनगर स्थित मंदिर प्रांगण में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा द्वारा पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव हर्षोल्लास एवं श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर पुलिस लाइन स्थित मंदिर को भव्य एवं आकर्षक विद्युत सजावट एवं पुष्प सज्जा से सजाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी डॉ0 नीलम राय वर्मा सहित समस्त पुलिस अधिकारीगण द्वारा अपने-अपने परिवारजनों के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की गयी तथा भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर प्रांगण में स्थापित मंच पर पुलिस परिवार के बच्चों एवं कलाकारों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, राधा-कृष्ण एवं अन्य धार्मिक प्रसंगों पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं प्रस्तुतियों का मंचन किया गया। बच्चों द्वारा दी गयी मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों का मन मोह लिया। इस अवसर पर मथुरा दर्शन एवं उत्तराखण्ड दर्शन पर आधारित भव्य झांकियां भी विशेष आकर्षण का केन्द्र रहीं। झांकियों में मथुरा एवं उत्तराखण्ड के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को अत्यंत सुंदर एवं आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में श्रीकृष्ण जन्म के अवसर पर धार्मिक वातावरण और अधिक भक्तिमय हो गया। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों एवं भजनों से पूरा मंदिर प्रांगण गुंजायमान रहा। पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ जन्मोत्सव में सहभागिता की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित समस्त पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों सहित जनपदवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दी गयीं तथा सभी के सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की गयी। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी/कर्मचारीगण तथा उनके परिवारजन उपस्थित रहे।


