Skip to main content

TR NEWS UP-UK

श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में गूंजा भक्ति, संस्कृति और संस्कार का संदेश

मुजफ्फरनगर । होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा, मुजफ्फरनगर के सभागार में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य एवं सांस्कृतिक आयोजन श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथि डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी, सिविल जज (सीनियर डिवीजन), समाजसेविका श्रीमती ममता अग्रवाल, श्रीमती रीटा दहिया, प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया, गौरव मलिक, धनीराम एवं दीपक योगी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों, कर्मयोग, धर्म एवं मानवता के संदेश को अपनी विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत कर दिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण नृत्य, श्रीकृष्ण एवं राधा की मनमोहक झांकियां, भजन, गीत तथा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।

नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ‘छोटी-छोटी गईया’ सहित विभिन्न कृष्ण भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। विद्यार्थियों ने अपनी वाणी के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जन्म, कर्म, धर्म, जीवन-दर्शन एवं आदर्शों को प्रस्तुत करते हुए उनके संदेश को वर्तमान जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

महोत्सव के अंतर्गत आयोजित मटकी सज्जा, बांसुरी सज्जा एवं पेंटिंग प्रतियोगिता भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। बरीरा, हयात, दक्ष, कोमल, राधिका, अदिति एवं कुंज ने मटकी एवं बांसुरी सज्जा में उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जबकि आर्यन सैनी की शानदार पेंटिंग ने सभी का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम में फरहान ने कथक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। वहीं जानवी, नंदिनी, भव्या, सांची, अंशी, ईवा, सानवी, एंजल, उत्कर्ष एवं कनुप्रिया सहित विद्यार्थियों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

श्रीकृष्ण एवं राधा के स्वरूप में नृत्य प्रस्तुत करने वाली पूर्वी, प्रियंका, अर्शी सैनी, खुशी, विनायका पाल, साहिब त्यागी, जीनत राव, नव्या एवं राशि ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी को भाव-विभोर कर दिया।

अतिथियों ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह

समाजसेविका श्रीमती ममता अग्रवाल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में अत्यंत प्रभावी एवं शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं श्रीमद्भगवद्गीता के उपदेशों को विद्यार्थी जीवन में अपनाकर अपने जीवन को सफल, सार्थक एवं अनुशासित बना सकते हैं।

अतिथि डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) ने विद्यार्थियों को सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हुए बाल विवाह एवं भिक्षावृत्ति जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने के लिए शपथ दिलाई। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न विधिक सुविधाओं की जानकारी देते हुए कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए सारथी के रूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से कानून के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनने का आह्वान किया।

प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी एवं आत्मविश्वास स्पष्ट दिखाई दिया। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं नैतिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना भी विकसित करते हैं।

प्रधानाचार्य ने व्यक्त किया आभार….

विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि कर्तव्य, कर्म, सत्य, धर्म, साहस, प्रेम, नेतृत्व और मानवता का प्रेरणादायी संदेश है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र एवं श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश को पढ़ें, समझें और अपने व्यवहार एवं जीवन में उतारें।

कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावी मंच संचालन श्रीमती रजनी शर्मा ने किया। श्रीमती जोली शर्मा ने विद्यार्थियों को व्यवस्थित रखने में विशेष सहयोग दिया। वहीं संगीत शिक्षक दीपक योगी एवं नृत्य शिक्षक विशाल ने विद्यार्थियों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। सभी शिक्षकों के सामूहिक प्रयास से कार्यक्रम भव्य एवं सफल रहा।

प्रधानाचार्य ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। अंत में विद्यालय की ओर से अतिथियों को अंगवस्त्र, स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *