मुजफ्फरनगर। थाना साईबर क्राईम द्वारा मोबाइल व्यापारी से धोखाधड़ी कर निकाली गयी धनराशि में से ₹1 करोड़ 4 लाख रुपये वापस कराये गये हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ के निकट पर्यवेक्षण में थाना साईबर क्राईम द्वारा एक आवेदक से धोखाधड़ी कर निकाली गयी धनराशि में से ₹1 करोड़ 4 लाख रुपये उनके बैंक खाते में वापस करायी गयी है। मोबाइल व्यापारी कुशाग्र अग्रवाल, निवासी पटेल नगर, थाना नई मंडी, मुजफ्फरनगर द्वारा 20 जुलाई को थाना साईबर क्राइम पर सूचना दी गयी कि अज्ञात द्वारा उनके नाम एवं फोटो का दुरुपयोग करते हुए व्हाट्सऐप के माध्यम से उनके अकाउंटेंट से संपर्क करते हुए साईबर अपराधी द्वारा प्रतिरुपण कर धोखाधडी से उनके एसबीआई बैंक खाते से ₹2 करोड़ की धनराशि ट्रांसफर करा ली गई। सूचना प्राप्त होने के बाद थाना साइबर थाना पुलिस द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए आवेदक कुशाग्र अग्रवाल के बैंक खाता से निकाली गयी 2 करोड रुपये की धनराशि में से 1 करोड 23 लाख रुपये दो दर्जन से अधिक बैंको खातो में होल्ड कराये गयी थी। होल्ड करायी गयी धनराशि में आज ₹1 करोड़ 4 लाख की धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करायी गयी। शेष धनराशि की रिकवरी तथा घटना में संलिप्त साइबर अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। साईबर थाना द्वारा रिफंड करायी गयी धनराशि 1 करोड 4 लाख के संबध में कुशाग्र अग्रवाल के द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार , पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमति इन्दु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी अपराध राधारमन व साईबर थाना प्रभारी श्री कर्मवीर सिंह व उनकी टीम का आभार व्यक्त किया गया है ।
मुजफ्फरनगर पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि प्रलोभन में आकर किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। अपना खाता संख्या, पिन, ओटीपी, सीवीवी नंबर आदि किसी के साथ साझा न करें। साइबर फ्रॉड/धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें अथवा मुजफ्फरनगर साइबर सेल 9454401617 या निकटतम थाने स्थित साइबर हेल्प सेंटर से संपर्क करें।


