मुजफ्फरनगर। शिवालिक पहाड़ियों में भारी बारिश के बाद शाकंभरी खोल में अचानक पानी का तेज उफान आया, जिससे भगदड़ मच गई। सैंकड़ों श्रद्धालु फंस गए, लेकिन सभी सुरक्षित बच गए। पुलिस ने मोर्चा संभाला और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर लौटने की सलाह दी। बाद में उन्हें ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से निकाला गया। शिवालिक पहाड़ियों में मंगलवार को हुई भारी बारिश के बाद शाम करीब चार बजे शाकंभरी खोल में अचानक पानी का तेज उफान आने से भगदड़ मच गई। पानी बढ़ते ही मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मची और सैंकड़ों श्रद्धालु खोल के बीच बने टापू पर फंस गए, जबकि कई लोगों ने ऊंचे स्थानों पर पहुंचकर खुद को सुरक्षित किया। हालांकि सभी श्रद्धालु सुरक्षित बच गए। पानी का बहाव तेज होते ही पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया। सायरन बजाकर और अनाउंसमेंट कर श्रद्धालुओं को खोल में नहीं उतरने की हिदायत दी गई। पुलिस ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की। अचानक बढ़े पानी से मंदिर क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। करीब दो घंटे बाद खोल में पानी का बहाव कुछ कम हुआ तो पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मदद से टापू समेत अन्य स्थानों पर फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकलवाया। इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। देर शाम तक खोल में पानी का बहाव तेज बना रहा। शाकंभरी देवी मंदिर जाने वाला मार्ग भी बंद रहा। पुलिस ने भूरादेव मंदिर के पास से श्रद्धालुओं को आगे जाने से रोकते हुए वापस लौटा दिया। पुलिस ने लोगों से कहा कि मौसम साफ होने और खोल में पानी का बहाव सामान्य होने के बाद ही सिद्धपीठ की ओर आएं। उफान के दौरान पुलिस की सतर्कता से सभी श्रद्धालु सुरक्षित बाहर निकल सके।

