Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मुजफ्फरनगर दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित

मुजफ्फरनगर। क्षेत्र में पशुपालन, दुग्ध उत्पादन एवं पशुओं की नस्ल सुधार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड डेयरी सर्विसेज एवं हरित प्रदेश दुग्ध उत्पादक संस्था द्वारा आयोजित दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान समारोह शुक्रवार को गुप्ता रिजॉर्ट, मुजफ्फरनगर में आयोजित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि एनडीडीबी डेयरी सर्विसेज के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. रघु मालेगोड़ा रहे। कार्यक्रम में डॉ. वीनू सोढ़ी, डॉ. नरेंद्र बाघा, एक्सपर्ट डायरेक्टर, डॉ. हितेश पूनिया, सीईओ हरित प्रदेश मिल्क प्रोड्यूसर संस्था, संस्था की चेयरपर्सन श्रीमती अंजू देवी सहित अन्य गणमान्य अतिथि एवं पशुपालक मौजूद रहे।

दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों का विभिन्न श्रेणियों में चयन किया गया। विजेताओं को ₹1 लाख, ₹51 हजार सहित अन्य पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विजेता पशुपालकों को पुरस्कार प्रदान करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रयासों की सराहना की।

मुख्य अतिथि डॉ. रघु मालेगोड़ा ने कहा कि दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के साथ पशुओं की गुणवत्तापूर्ण नस्ल, वैज्ञानिक पशुपालन और संतुलित पशु आहार पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। आधुनिक तकनीक एवं विशेषज्ञों की सलाह से पशुपालकों को जोड़कर दुग्ध उत्पादन के साथ उनकी आय में भी वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने हरित प्रदेश संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं उत्कृष्ट पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के साथ अन्य पशुपालकों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं।

हरित प्रदेश दुग्ध उत्पादक संस्था के सीईओ डॉ. हितेश पूनिया ने कहा कि संस्था का उद्देश्य क्षेत्र के पशुपालकों को उन्नत पशुपालन तकनीक, बेहतर नस्ल एवं अधिक दुग्ध उत्पादन के लिए निरंतर प्रोत्साहित करना है। भविष्य में भी पशुपालकों के हित में प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं एवं विभिन्न प्रोत्साहन कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया जाएगा।

समारोह में पुरस्कार प्राप्त करने वाले पशुपालकों ने आयोजकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से वैज्ञानिक पशुपालन, नस्ल सुधार एवं दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *