मुजफ्फरनगर । राष्ट्रीय कृमि दिवस के अवसर पर आज शारदेन स्कूल में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए कृमिनाशक अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों को स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार एलबेंडाजोल 400 mg की टैबलेट खिलाई गई।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पेट के कीड़ों से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाना तथा उनमें स्वस्थ जीवनशैली और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कृमिनाशक दवा बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति को बेहतर बनाए रखने में सहायक होती है।
विद्यालय में विद्यार्थियों को दवा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दी गई तथा उन्हें नियमित रूप से हाथ धोने, स्वच्छ भोजन एवं पानी का सेवन करने और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी प्रेरित किया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ रहना उनके बेहतर शैक्षणिक एवं शारीरिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यालय विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा।


