Skip to main content

TR NEWS UP-UK

सितार की मधुर धुनों से गूँजा आर्य एकेडमी इंटरनेशनल स्कूल परिसर

मुजफ्फरनगर। आर्य एकेडमी इंटरनेशनल स्कूल में भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा से विद्यार्थियों को परिचित कराने के उद्देश्य से स्पिक मैके के तत्वाधान में विशेष सितार वादन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध विभिन्न राष्ट्रीय सम्मानों से विभूषित सितार वादक ध्रुव बेदी ने अपने मनमोहक सितार वादन से सभी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके साथ सह कलाकार तबला वादक श्री शंकर ज्योति शैक्या जी ने तबले पर प्रभावशाली प्रस्तुत दी ।

कार्यक्रम का शुभारंभ राग अल्हैया बिलावल के मनोहारी वादन से हुआ। सितार और तबले की सुंदर जुगलबंदी ने वातावरण को शास्त्रीय संगीत की मधुरता से भर दिया। विद्यार्थियों एवं उपस्थित अतिथियों ने भारतीय शास्त्रीय संगीत की बारीकियों और उसकी भावपूर्ण अभिव्यक्ति का आनंद लिया। कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए राग खमाज, ‘रघुपति राघव राजा राम’ तथा ‘एकला चलो रे’ भजन की धुनों को सितार पर अत्यंत सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया। इन प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को भावस्पंदित कर सांस्कृतिक चेतना की भावना को और प्रबल किया। दोनों कलाकारों की जुगलबंदी पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठा। कार्यक्रम का समापन राग तिलक छाप की मनोहारी प्रस्तुति के साथ हुआ। ध्रुव बेदी एवं शंकर ज्योति शैक्या के उत्कृष्ट वादन ने सभी को भारतीय संगीत की गहराई और सौंदर्य का अद्भुत अनुभव कराया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं प्रबंधक ने दोनों कलाकारों का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को भारतीय कला एवं संस्कृति की महान विरासत से जोड़ने तथा संगीत के प्रति उनकी रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन कलाकारों के सम्मान एवं आभार-प्रदर्शन के साथ हुआ।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *