Skip to main content

TR NEWS UP-UK

यूपी में मुख्यमंत्री ने राशन डीलरों का बढाया कमीशन

मुज़फ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं (राशन डीलरों) को एक ऐतिहासिक एवं बहुप्रतीक्षित सौगात प्रदान करते हुए उनके लाभांश को ₹90 प्रति कुंतल से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल करने की घोषणा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी प्रणाली के अंतर्गत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ किया, जिससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह, तकनीक-सक्षम एवं जनोन्मुखी बनाया जा सके। मुख्यमंत्री के इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का जिला पंचायत सभागार, मुज़फ्फरनगर में सजीव प्रसारण देखा गया, जिसमें प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने प्रशासनिक अधिकारियों, खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित उचित दर विक्रेताओं के साथ सहभागिता की।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस निर्णय की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि यह निर्णय केवल राशन डीलरों के आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम नहीं है, बल्कि उनकी वर्षों पुरानी मांग का सम्मान करते हुए प्रदेश सरकार की संवेदनशील एवं जनहितैषी कार्यशैली का सशक्त प्रमाण भी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रत्येक वर्ग के सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि के लिए निरंतर ऐतिहासिक निर्णय ले रही है।*मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सार्वजनिक वितरण प्रणाली आज देश के लिए एक आदर्श मॉडल बन चुकी है। आधुनिक तकनीक, पारदर्शी व्यवस्था और जवाबदेह प्रशासन के माध्यम से गरीब एवं पात्र लाभार्थियों तक खाद्यान्न की निर्बाध एवं समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली के लागू होने से वितरण व्यवस्था और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा उत्तरदायी बनेगी।

उन्होंने विशेष रूप से स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित स्थानीय, गुणवत्तापूर्ण एवं हस्तनिर्मित उत्पादों को उचित दर की दुकानों के माध्यम से बिक्री हेतु प्रोत्साहित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि राशन की दुकानें स्थानीय उत्पादों के विपणन का भी सशक्त माध्यम बनेंगी, तो प्रदेश की हजारों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा, उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध होगा तथा उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। यह पहल प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ तथा मुख्यमंत्री के आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प को नई गति प्रदान करेगी। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज सुशासन, पारदर्शिता, तकनीकी नवाचार, सेवा, संवेदनशीलता एवं जनकल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। प्रदेश सरकार की प्रत्येक योजना समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाने के संकल्प के साथ संचालित की जा रही है।

*इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारी, उचित दर विक्रेता तथा अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *