Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मुजफ्फरनगर प्रदेश के छोटे किसानों के विश्वास का शताब्दी वर्ष

मुजफ्फरनगर। किसानों, छोटे व्यापारियों एवं ग्रामीण अंचलों की आर्थिक प्रगति में पिछले 99 वर्षों से महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा मुजफ्फरनगर डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड आज अपने शताब्दी वर्ष में प्रवेश कर गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर बैंक मुख्यालय स्थित सभागार में भव्य समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री एवं मुजफ्फरनगर सदर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए केक काटकर शताब्दी वर्ष समारोह का शुभारंभ किया।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता बैंक के सभापति ठा. रामनाथ सिंह ने की, जबकि भाजपा जिला अध्यक्ष डा. सुधीर सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में बैंक के निदेशक मंडल, अधिकारियों, कर्मचारियों, अंशधारकों एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। मुख्य अतिथि कपिल देव अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि सहकारिता केवल बैंकिंग व्यवस्था नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर जिला सहकारी बैंक ने दशकों से छोटे किसानों, ग्रामीण दस्तकारों, लघु व्यापारियों एवं आमजन को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर जनपद के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

मंत्री ने अपने बचपन की स्मृतियाँ साझा करते हुए बताया कि उनका पहला बैंक खाता भी इसी मुजफ्फरनगर जिला सहकारी बैंक में खुला था, जिससे उनका इस संस्थान से विशेष भावनात्मक जुड़ाव है। उन्होंने बैंक के सभापति एवं संचालक मंडल से बैंक की नई एवं आधुनिक भवन निर्माण योजना का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने का आग्रह किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि बैंक के आधुनिकीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए राज्य सरकार तथा उनके स्तर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि यह ऐतिहासिक संस्थान भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप और अधिक सशक्त बन सके।

बैंक के सभापति ठा. रामनाथ सिंह ने कहा कि 12 अगस्त 1927 को स्थापित बैंक का शताब्दी वर्ष में प्रवेश समूचे जनपद के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय बैंक के सम्मानित ग्राहकों, अंशधारकों, कर्मचारियों एवं सहकारिता से जुड़े सभी लोगों के विश्वास और सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि लगभग एक शताब्दी से बैंक किसानों, ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे व्यापारियों को बैंकिंग एवं ऋण सुविधाएँ उपलब्ध कराकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहा है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि 12 अगस्त 2027 को बैंक के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शताब्दी वर्ष का भव्य समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह के दौरान बैंक की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों एवं सहकारिता आंदोलन में उसके योगदान को याद करते हुए शताब्दी वर्ष के सफल आयोजन का संकल्प लिया गया। उपस्थित सभी अतिथियों ने बैंक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे जनपद की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण स्तंभ बताया।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *