-16 अगस्त को राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान से होगा भव्य शुभारंभ, हजारों छात्र-छात्राएं और नागरिक लगाएंगे देशभक्ति की दौड़
मुजफ्फरनगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुजफ्फरनगर में होने जा रही जज्बा दौड़-12 इस बार केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि शहीदों की स्मृति, राष्ट्रभक्ति, युवा शक्ति और सामाजिक एकजुटता का विराट संदेश देने जा रही है। इसी आयोजन को लेकर लिंक रोड, गांधी कॉलोनी स्थित क्रिस्टल पैलेस में मीडिया सेंटर के पत्रकारों के साथ विशेष प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम में मंचासीन राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, आयोजन से जुड़े अमित पटपटिया तथा समाजसेवी सत्यप्रकाश रेशु ने जज्बा दौड़ के उद्देश्य, स्वरूप और तैयारियों को लेकर विस्तार से जानकारी साझा की।
इस दौरान राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि ‘जज्बा दौड़-12’ का मकसद सिर्फ लोगों को सड़क पर दौड़ाना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के भीतर देश के लिए कुछ करने का जज्बा पैदा करना है। स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाली यह दौड़ शहीदों को नमन करने के साथ-साथ युवाओं को राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराने का माध्यम बनेगी। इस दौरान राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने जज्बा दौड़ को स्वतंत्रता दिवस की भावना से जोड़ते हुए कहा कि आजादी केवल इतिहास का अध्याय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के लिए जिम्मेदारी और गर्व का विषय है। जज्बा दौड़ के माध्यम से युवा पीढ़ी को देश के उन वीर सपूतों की याद दिलाने का प्रयास किया जा रहा है, जिन्होंने अपना सर्वस्व न्योछावर कर देश को स्वतंत्रता दिलाई।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी इसे और व्यापक बनाएगी। दौड़ के माध्यम से बच्चों और युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि एक देश-एक चुनाव जैसे राष्ट्रीय विषय को भी जज्बा दौड़ के माध्यम से जनसामान्य तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब युवा किसी सकारात्मक उद्देश्य के साथ आगे बढ़ता है तो उसका प्रभाव पूरे समाज पर दिखाई देता है।
अमित पटपटिया बोले, हर कदम शहीदों के नाम, हर दौड़ में दिखेगा देश के लिए जज्बा
आयोजन से जुड़े अमित पटपटिया ने प्रेस वार्ता में जज्बा दौड़ की तैयारियों और इसके स्वरूप की जानकारी देते हुए बताया कि इस बार आयोजन को और व्यापक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि हर रजिस्टर्ड जज्बा धावक को टी-शर्ट उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि बच्चों और युवाओं को अलग-अलग श्रेणियों में दौड़ में शामिल किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग दौड़ आयोजित होगी तथा विजेताओं को शहीदों के सम्मान में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस बार स्कूटर और साइकिल सहित जीवन उपयोगी पुरस्कारों की व्यवस्था भी की गई है।
अमित पटपटिया ने बताया कि 12 अगस्त को गांधी कॉलोनी से जज्बा दौड़-12 की बाइक रैली निकाली जाएगी, जिसका शुभारंभ राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी सहित अन्य पदाधिकारी संयुक्त रूप से करेंगे। यह बाइक रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए लोगों को जज्बा दौड़ से जोड़ने और स्वतंत्रता दिवस की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेगी।
जज्बा दौड़ में दौड़ता है देश के लिए कुछ कर गुजरने का जुनून: सत्यप्रकाश रेशु
समाजसेवी एवं जज्बा दौड़ के मार्गदर्शक सत्यप्रकाश रेशु ने कहा कि जज्बा दौड़ का उद्देश्य किसी राजनीतिक या व्यक्तिगत प्रदर्शन तक सीमित नहीं है। यह आयोजन शहीदों को श्रद्धांजलि देने और युवा पीढ़ी में राष्ट्र के प्रति सकारात्मक सोच पैदा करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि समाजसेवा का वास्तविक अर्थ जरूरतमंद व्यक्ति तक मदद पहुंचाना है। जज्बा संस्था की गतिविधियों के माध्यम से रक्तदान, नेत्रदान, जरूरतमंदों को भोजन, बीमार लोगों के उपचार में सहयोग तथा बेटियों को उनके घर वापस पहुंचाने जैसे सामाजिक कार्य किए जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन्हीं सेवा भावनाओं को आगे बढ़ाते हुए जज्बा दौड़ को भी सामाजिक सरोकारों से जोड़ा गया है। रेशु ने बताया कि जज्बा दौड़ में करीब 12 हजार छात्र-छात्राओं के शामिल होने की संभावना है। बड़ी संख्या में बच्चों को निशुल्क फॉर्म उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक युवा इस राष्ट्रभक्ति अभियान का हिस्सा बन सकें।
राजकीय इंटर कॉलेज से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी दौड़
जज्बा दौड़-12 का शुभारंभ 16 अगस्त की सुबह करीब छह बजे राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान से होगा। दौड़ का मार्ग राजकीय इंटर कॉलेज से शुरू होकर महावीर चौक, मीनाक्षी चौक, शिव चौक, जिला अस्पताल, घास मंडी, अंसारी रोड, मालवीय चौक, झांसी की रानी, कोर्ट रोड, प्रकाश चौक और महावीर चौक होते हुए राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान तक निर्धारित किया गया है।
आयोजन स्थल पर ही राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि पूरा आयोजन स्वतंत्रता दिवस की भावना के अनुरूप देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आएगा।
पहले लड़कों की दौड़, फिर बेटियां दिखाएंगी अपना जज्बा
आयोजकों के अनुसार सुबह करीब छह बजे लड़कों की दौड़ प्रारंभ होगी। इसके लगभग 15 मिनट बाद लड़कियों की जज्बा दौड़ आयोजित की जाएगी। दोनों वर्गों के प्रतिभागियों को अलग-अलग व्यवस्थाओं के साथ दौड़ में शामिल किया जाएगा।
आयोजकों का उद्देश्य है कि शहर के युवा, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक बड़ी संख्या में इस आयोजन से जुड़ें और स्वतंत्रता दिवस को केवल कार्यक्रमों तक सीमित रखने के बजाय उसे अपनी सक्रिय भागीदारी के साथ मनाएं।
‘घर-घर तिरंगा’ अभियान को भी मिलेगा जज्बा दौड़ से नया विस्तार
जज्बा दौड़-12 के माध्यम से ‘घर-घर तिरंगा, हर घर तिरंगा’ अभियान को भी जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार बच्चों में आजादी के प्रति गर्व और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के लिए अभियान को दौड़ के साथ जोड़ा गया है। यही वजह है कि इस बार जज्बा दौड़ को केवल खेल आयोजन न बनाकर देशभक्ति, सामाजिक सेवा और युवा जागरूकता का संयुक्त मंच बनाने की तैयारी है। सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर भी व्यापक तैयारी आयोजन को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगरपालिका सहित विभिन्न स्तरों पर व्यवस्थाएं तैयार की गई हैं। दौड़ के मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस, जल व्यवस्था और स्वयंसेवकों की तैनाती सहित आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे, ताकि हजारों प्रतिभागियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रेस व वार्ता में मुख्य रूप से हितेश आनंद अंकुर जैन मनीष भारती अजय अनेजा गुलशन अरोड़ा हरीश अरोड़ा राजकुमार ग्रोवर गौरव नारंग कार्तिक कपिल गम बंसल अनिकेत गुप्ता संदीप राजमणि पटपतिया अंशु बाठला पारुल कुमार मेघा बाठला आदि उपस्थित रहे।


