मुजफ्फरनगर। थाना फुगाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम हबीबपुर सीकरी में लगातार हो रही बारिश के कारण एक मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। घटना के समय मकान के भीतर मौजूद 01 महिला एवं 03 बच्चे मलबे में दब गए। घटना की सूचना प्राप्त होते ही थाना फुगाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा बिना विलम्ब किए स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य प्रारम्भ कराया। पुलिस एवं ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से सभी को मलबे से बाहर निकालकर उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी), बुढ़ाना भिजवाया गया। उपचार के दौरान चिकित्सकों द्वारा 01 वर्षीय बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि अन्य 03 घायलों का उपचार चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।
घटना की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री अक्षय संजय महाडीक घटनास्थल पर पहुंचे तथा पीड़ित परिवार एवं स्थानीय ग्रामीणों से वार्ता कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए घायलों के समुचित उपचार एवं हरसंभव सहायता उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए।


