Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मुजफ्फरनगर कांवड़ सेवा शिविरों का दौरा कर गौरव स्वरूप ने जाना श्रद्धालुओं का हाल

 

शिव चौक पर कांवड़ियों का किया स्वागत, सिद्धपीठ महादेव मंदिर में आरती कर वितरित किया प्रसाद

मुजफ्फरनगर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप ने सोमवार को शहर के विभिन्न कांवड़ सेवा शिविरों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शिवभक्त कांवड़ियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना, उनका स्वागत किया तथा सेवा कार्यों में जुटे लोगों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना कर प्रदेश और जनपद की सुख-समृद्धि की कामना भी की।

भाजपा नेता गौरव स्वरूप सबसे पहले बझेड़ी अंडरपास स्थित श्री सिद्धपीठ महादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया तथा महाआरती में भाग लिया। पूजा के उपरांत उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद शिवभक्त कांवड़ियों को प्रसाद वितरित किया और उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की। इस अवसर पर मंदिर समिति के प्रधान सुरेश पाल ने समिति के सदस्यों के साथ उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

इसके बाद उन्होंने मेरठ रोड पर अखिल भारत हिंदू महासभा द्वारा संचालित कांवड़ सेवा शिविर का निरीक्षण किया। शिविर में उपलब्ध कराई जा रही भोजन, चिकित्सा, विश्राम और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली तथा सेवा कार्यों की सराहना की। यहां महासभा के पदाधिकारियों ने योगेंद्र वर्मा और साक्षी वर्मा के नेतृत्व में उनका स्वागत एवं सम्मान किया।

गौरव स्वरूप शिव चौक पहुंचे, जहां उन्होंने पैदल भ्रमण कर बड़ी संख्या में मौजूद शिवभक्त कांवड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा और अभिवादन के साथ स्वागत किया तथा उनकी यात्रा के अनुभवों और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान कांवड़ियों ने भी उनके स्नेहपूर्ण व्यवहार की सराहना की। इस अवसर पर युवा भाजपा नेता विकल्प जैन, सभासद देवेश कौशिक, दिनेश कुमार जैन सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *