मुजफ्फरनगर। शारदेन स्कूल में आर्ट ऑफ लिविंग के तत्वावधान में त्रिदिवसीय योग एवं तनाव मुक्ति कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का संचालन आर्ट ऑफ लिविंग की वरिष्ठ योग शिक्षिका एवं समाजसेवी डॉ. नीलम राय धर्मपत्नी संजीव कुमार वर्मा, एस एस पी, मुजफ्फरनगर द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ नीलम राय को तिलक लगाकर एवं माला पहनाकर किया गया। डॉ. नीलम राय जी ने शिक्षकों को योग, प्राणायाम, ध्यान और सुदर्शन क्रिया का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव, चिड़चिड़ापन और नकारात्मकता आम हो गई है। योग और ध्यान से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मन भी शांत और एकाग्र होता है।
डॉ. नीलम राय ने कहा – “यदि हमें अपने जीवन और समाज को ऊँचा उठाना है, तो पहले अपने विचारों और स्वास्थ्य को ऊँचा उठाना होगा। योग हमें अंदर से मजबूत बनाता है।” उन्होंने अध्यापकों को अनुशासन, सकारात्मक सोच और सेवा भाव अपनाने की प्रेरणा भी दी।
कार्यशाला के अंतिम दिन प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए। कई अध्यापकों ने बताया कि 3 दिन में ही उन्हें तनाव कम और पढ़ाई में मन लगने लगा है। स्कूल के डायरेक्टर विश्वरत्न एवं प्रधानाचार्य धारा रतन ने डॉ. नीलम राय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से पूरे विद्यालय का माहौल सकारात्मक हो गया है।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. नीलम राय को स्कूल प्रबंधन द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम कराने की इच्छा जताई।


