मुजफ्फरनगर । पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ द्वारा कांवड़ सेवा शिविर का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर शिविर संचालकों एवं आयोजकों द्वारा पुलिस अधीक्षक अपराध को पारंपरिक पगड़ी पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध महोदया द्वारा भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य तथा कांवड़ यात्रा के सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न होने की कामना की गई। इस अवसर पर उन्होंने शिविर संचालकों से संवाद करते हुए कहा कि कांवड़ श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल, भोजन, विश्राम, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही श्रद्धालुओं की हर संभव सहायता की जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने शिविर संचालकों से प्रशासन एवं पुलिस का पूर्ण सहयोग करने, सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनपद पुलिस कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प लिया।


