Skip to main content

TR NEWS UP-UK

गंगनहर में डूबे पुतले को बचाने कूद पडे गोताखोर

मुजफ्फरनगर । कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त सम्पन्न कराने हेतु पुलिस अधीक्षक नगर श्री अमृत जैन द्वारा बाढ़ राहत टीम की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता परखने के लिए सफल मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

अवगत कराना है कि कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, निर्विघ्न एवं दुर्घटनामुक्त सम्पन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर/नोडल कांवड़ यात्रा अमृत जैन द्वारा बाढ़ राहत टीम की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता एवं रेस्क्यू व्यवस्था का परीक्षण करने हेतु मॉक ड्रिल का आयोजन कराया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान अलकनंदा नहर पुल से एक पुतला (मैनक्विन) नहर में गिराकर दुर्घटना की काल्पनिक स्थिति उत्पन्न की गई। तत्पश्चात वायरलेस सेट के माध्यम से तत्काल सूचना प्रसारित की गई। सूचना प्राप्त होते ही बाढ़ राहत टीम एवं एम्बुलेंस निर्धारित समय के भीतर घटनास्थल पर पहुंची तथा त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई करते हुए नहर में गिरे पुतले को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार हेतु एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल रवाना किया गया।

मॉक ड्रिल के माध्यम से बाढ़ राहत टीम की रिस्पॉन्स टाइम, समन्वय, बचाव उपकरणों के उपयोग तथा आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की क्षमता का परीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक नगर महोदय द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी आकस्मिक घटना की सूचना प्राप्त होने पर बिना विलंब राहत एवं बचाव कार्य प्रारम्भ करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी खतौली, प्रभारी निरीक्षक खतौली, संबंधित चौकी प्रभारी, सुपर जोनल अधिकारी, सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, सुपर सुपर जोनल अधिकारी सहित पुलिस, प्रशासन, बाढ़ राहत टीम एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे। मुजफ्फरनगर पुलिस कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं दुर्घटनामुक्त सम्पन्न कराने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *