मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा द्वारा कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था का किया स्थलीय निरीक्षण, श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर दी शुभकामनाएं ।

श्रावण मास कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त संपन्न कराने के उद्देश्य से आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा द्वारा नगर क्षेत्र के प्रमुख कांवड़ मार्गों पर पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ मिश्रा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
पैदल गश्त के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा कांवड़ यात्रियों से आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए उन पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया तथा सभी श्रद्धालुओं को मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा हेतु शुभकामनाएं दी गईं। उन्होंने कांवड़ियों से कांवड़ यात्रा की पवित्रता, मर्यादा एवं अनुशासन बनाए रखने, निर्धारित कांवड़ मार्ग का ही प्रयोग करने तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सहयोग प्रदान करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल, एटीएस, आरआरएफ, क्यूआरटी एवं अन्य सुरक्षा इकाइयों को निरंतर सतर्क एवं मुस्तैद रहकर ड्यूटी करने, संदिग्ध व्यक्ति एवं वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखने, संवेदनशील स्थलों पर प्रभावी चेकिंग करने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा समस्त सुरक्षा प्रबंधों पर सतत निगरानी बनाए रखी जाए।
जनपद मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। कांवड़ मार्गों पर अस्थायी पुलिस चौकियां एवं सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सहायता के लिए पुलिस कर्मी चौबीसों घंटे मुस्तैद हैं। इसके अतिरिक्त कंट्रोल रुम से निरंतर कांवड मार्गों की निगरानी की जा रही है तथा डॉग स्क्वाड, एंटी-सबोटाज (एएस) चेक टीम एवं अन्य सुरक्षा इकाइयों द्वारा निरंतर चेकिंग एवं सघन निगरानी की जा रही है, ताकि यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा के उच्चतम मानकों को बनाए रखा जा सके।
मुजफ्फरनगर पुलिस सभी श्रद्धालुओं से अपील करती है कि यात्रा के दौरान संयम, अनुशासन एवं आपसी सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी आपात स्थिति अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस अधिकारी अथवा पुलिस हेल्पलाइन को दें। जनपद पुलिस आपकी सुरक्षित एवं मंगलमय कांवड़ यात्रा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।


