मुजफ्फरनगर। पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा कांवड़ यात्रा-2026 के दृष्टिगत भूराहेड़ी चेक पोस्ट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस को ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अवगत कराना है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण, दुर्घटनामुक्त एवं निर्विघ्न सम्पन्न कराए जाने हेतु जनपद पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 28/29.07.2026 को देर रात्रि पुलिस अधीक्षक नगर, मुजफ्फरनगर श्री अमृत जैन द्वारा कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत भूराहेड़ी चेक पोस्ट का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की ड्यूटी, बैरिकेडिंग, चेकिंग व्यवस्था, यातायात संचालन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा ड्यूटी पर तैनात समस्त पुलिस बल को सतर्कता, अनुशासन एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देशित किया कि चेक पोस्ट से गुजरने वाले प्रत्येक संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन की प्रभावी जांच की जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए। साथ ही कांवड़ यात्रियों के साथ सौहार्दपूर्ण एवं संवेदनशील व्यवहार रखते हुए उनकी सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, कांवड़ मार्ग पर किसी भी प्रकार का अवरोध उत्पन्न न होने देने, आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध आवागमन तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि चेक पोस्ट पर निरंतर सतर्क दृष्टि बनाए रखें तथा किसी भी परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।


