Skip to main content

TR NEWS UP-UK

कारगिल शहीद के परिजनों का सम्मान किया

मुजफ्फरनगर । भारत रक्षा पर्व के तहत सेन्ट जेवियर्स ग्लोबल स्कूल, भोपा में सैनिक परिवार सम्मान समारोह का आयोजन, कारगिल शहीद के परिजनों का सम्मान कर वीरों के अदम्य साहस एवं बलिदान को नमन किया गया।

अवगत कराना है आज दिनांक 25.07.2026 को भारत रक्षा पर्व के तहत थाना भोपा क्षेत्रान्तर्गत रहकड़ा स्थित सेंट जेवियर्स ग्लोबल स्कूल में सैनिक परिवार सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरनगर श्री संजय कुमार वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। समारोह का शुभारम्भ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम के दौरान कारगिल युद्ध में वीरगति को प्राप्त शहीद बचन सिंह के परिजनों को सम्मानित कर उनके अद्वितीय साहस, शौर्य, त्याग एवं राष्ट्रसेवा को नमन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

इस दौरान महोदय द्वारा अपने संबोधन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा ने कहा कि कारगिल युद्ध के वीर शहीदों का त्याग, साहस एवं राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। देश की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों एवं उनके परिवारों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं देशभक्ति की भावना के साथ जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सैनिक संस्था के प्रदेश अध्यक्ष कैप्टन के.पी. सिंह, विद्यालय के प्रबंधक कैप्टन प्रदीप वशिष्ठ, क्षेत्राधिकारी भोपा श्री लक्ष्मण वर्मा, थाना प्रभारी भोपा श्री आशुतोष सिंह, प्रधानाचार्या श्रीमती मौनिका चौधरी, अन्य गणमान्य अतिथि, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में अभिभावक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *