Skip to main content

TR NEWS UP-UK

श्रीराम कॉलेज के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन

मुजफ्फरनगर। माँ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर द्वारा श्रीराम कॉलेज के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम एमएजेएमसी चतुर्थ सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। विश्वविद्यालय द्वारा घोषित परिणाम में हिमांशु पाल ने 414 अंक (82.2 प्रतिशत) प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। सोनिया पाल ने 401 अंक (80.2 प्रतिशत) के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि रौशी ने 400 अंक (80 प्रतिशत) प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया।

माँ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम में श्रीराम कॉलेज के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम एमएजेएमसी चतुर्थ सेमेस्टर के सभी विद्यार्थी उच्च श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं।

प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र हिमांशु पाल ने अपनी सफलता का श्रेय विभाग के प्रवक्ताओं, अपने माता-पिता तथा महाविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण एवं मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि विभाग में प्रदान की जाने वाली गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण से पत्रकारिता एवं जनसंचार के क्षेत्र की गहन समझ विकसित होती है, जिससे ज्ञान और कौशल दोनों में निरंतर वृद्धि होती है।

द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा सोनिया पाल ने अपनी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग के प्रवक्ताओं के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को न केवल परीक्षाओं में सफलता प्राप्त होती है, बल्कि पत्रकारिता एवं जनसंचार के क्षेत्र में व्यवहारिक एवं व्यावसायिक दक्षता भी विकसित होती है।

तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा रौशी ने कहा कि विभाग एवं महाविद्यालय द्वारा प्रदान की जाने वाली उच्च स्तरीय शैक्षणिक सुविधाएँ तथा समय-समय पर आयोजित स्किल डेवलपमेंट कार्यशालाओं के माध्यम से विद्यार्थियों में प्रिंट डिज़ाइनिंग, वीडियो एडिटिंग, लेखन कौशल एवं अन्य व्यावसायिक दक्षताओं का विकास होता है। इन गतिविधियों से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होता है।

इस अवसर पर श्रीराम कॉलेज के उप-प्राचार्य डाॅ. सौरभ मित्तल ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए गंभीरता एवं समर्पण के साथ अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह उत्कृष्ट परिणाम विद्यार्थियों की मेहनत के साथ-साथ विभाग के प्रवक्ताओं के समर्पित प्रयासों का भी प्रमाण है।

इस अवसर पर डीन एकेडमिक्स डॉक्टर विनीत शर्मा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी लगन, परिश्रम एवं अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यार्थी महाविद्यालय से प्राप्त ज्ञान एवं कौशल का उपयोग भविष्य में समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में करेंगे तथा महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित करेंगे।

पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष डाॅ. ओमप्रकाश कुशवाहा ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय मीडिया एवं संचार का युग है, जहाँ नई तकनीकों के विकास के साथ इस क्षेत्र में रोजगार एवं करियर की असीम संभावनाएँ उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि एमएजेएमसी जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रम विद्यार्थियों में विश्लेषणात्मक सोच, प्रभावशाली लेखन, संचार कौशल तथा मीडिया उद्योग की व्यवहारिक समझ विकसित करते हैं। साथ ही यह पाठ्यक्रम प्रतियोगी परीक्षाओं एवं विभिन्न मीडिया संस्थानों में सफल करियर बनाने के लिए भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होता है।

इस अवसर पर प्रवेश समन्वयक नीतू सिंह तथा विभाग की प्रवक्ता कहकशा मिर्ज़ा, शिवानी बर्मन ,मयंक वर्मा एवं वितिक मित्तल ने भी सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *