Skip to main content

TR NEWS UP-UK

वरदान अस्पताल में लगी अत्याधुनिक ग्लूकोमा (काला मोतिया) जांच मशीन

मुजफ्फरनगर। जनपदवासियों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में वरदान आँखों का अस्पताल, 77, प्रेमपुरी में अत्याधुनिक ग्लूकोमा (काला मोतिया) जांच मशीन का शुभारंभ प्रसिद्ध समाजसेवी एवं टिहरी स्टील के चेयरमैन सतीश चंद्र गोयल के कर-कमलों द्वारा किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि सतीश चंद्र गोयल ने कहा कि वरदान नेत्र चिकित्सालय प्रेमपुरी समाज के प्रत्येक वर्ग को अत्यंत कम शुल्क पर आधुनिक नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि आज के समय में जहां महंगी चिकित्सा आम व्यक्ति की पहुंच से दूर होती जा रही है, वहीं वरदान अस्पताल सेवा भाव के साथ नवीनतम तकनीक और विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जनसामान्य की सेवा कर रहा है। उन्होंने अस्पताल के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

वरदान नेत्र चिकित्सालय की वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. स्वाति अग्रवाल (एम.बी.बी.एस., एम.एस.) ने बताया कि ग्लूकोमा (काला मोतिया) आंखों की ऐसी गंभीर बीमारी है, जिसे “दृष्टि का मूक चोर” भी कहा जाता है। प्रारंभिक अवस्था में इसके कोई विशेष लक्षण दिखाई नहीं देते, लेकिन समय पर जांच और उपचार न होने पर रोगी की आंखों की रोशनी हमेशा के लिए जा सकती है। उन्होंने सभी नागरिकों, विशेषकर 40 वर्ष से अधिक आयु के लोगों एवं मधुमेह या उच्च रक्तचाप से पीड़ित व्यक्तियों को नियमित रूप से ग्लूकोमा की जांच कराने की सलाह दी। संस्थान के अध्यक्ष श्री शिवचरण दास गर्ग ने बताया कि वरदान नेत्र चिकित्सालय का उद्देश्य आधुनिक नेत्र चिकित्सा को आमजन की पहुंच तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से अस्पताल में समय-समय पर नई तकनीकों और आधुनिक मशीनों की स्थापना की जा रही है, ताकि लोगों को बड़े शहरों की ओर न जाना पड़े।

वरदान अस्पताल के सचिव पवन कुमार गोयल ने बताया कि वरदान नेत्र चिकित्सालय प्रेमपुरी में अत्याधुनिक फेको तकनीक द्वारा सफेद मोतियाबिंद (कैटरेक्ट) के ऑपरेशन भी बाजार से बेहद किफायती शुल्क पर किए जा रहे हैं। अनुभवी नेत्र विशेषज्ञ डॉ. स्वाति अग्रवाल द्वारा अब तक हजारों सफल नेत्र ऑपरेशन किए जा चुके हैं। अस्पताल का उद्देश्य लाभ कमाना नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ नेत्र चिकित्सा के माध्यम से समाज की सेवा करना है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में नेत्रों की कम्प्यूटराइज्ड जांच, चश्मे का परीक्षण, मोतियाबिंद, काला मोतिया, मधुमेह से होने वाले नेत्र रोगों की जांच एवं उपचार सहित अनेक आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श एवं आधुनिक उपचार अत्यंत रियायती शुल्क पर प्रदान किया जा रहा है।

वरदान के कोषाध्यक्ष भानू प्रताप अग्रवाल ने जानकारी दी कि यह अत्याधुनिक ग्लूकोमा जांच मशीन जनपद में पहली बार स्थापित की गई है। अब जनपदवासियों को इस महत्वपूर्ण जांच के लिए दिल्ली, मेरठ या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल में इस जांच का शुल्क भी बाजार की तुलना में अत्यंत कम रखा गया है, जिससे हर वर्ग का व्यक्ति इसका लाभ आसानी से उठा सके।

इस अवसर पर अजय कुमार अग्रवाल (सी.ए.), भानु प्रताप अग्रवाल, रामकुमार तायल, योगेन्द्र जैन एडवोकेट, राजेन्द्र गोयल, अरविंद मित्तल, संजीव अग्रवाल, डॉ. विनीता जैन, राजेश मित्तल, पंकज जैन (गांधी टेंट) सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *