मुजफ्फरनगर । शाहजुड्डी के रोहित हत्याकांड में परिजनों ने आरोप लगाया है कि काजल ने ही अपने कथित प्रेमी के जरिए रोहित की हत्या करवाई । उन्होंने पत्नी को मास्टर माइंड बताते हुए उसकी गिरफ्तारी की मांग की है।
शाहपुर थाना क्षेत्र के शाहजुड्डी निवासी रोहित की जन्मदिन की पार्टी में बुलाकर 20 जून को हत्या कर दी गई थी। रोहित के परिजनों ने मंगलवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे। अधिकारियों को शिकायत सौंपते हुए मृतक की पत्नी काजल के भाई नितिन कुमार ने बताया कि 20 जून को उनके भतीजे का जन्मदिन था। इसी दौरान रात में रोहित को पशु चिकित्सक डॉ. राहुल का फोन आया, जिसके बाद वह घर से चला गया। परिजनों के अनुसार, रोहित उस रात वापस नहीं लौटा और अगले दिन उसका शव बरामद हुआ । परिजनों का आरोप है कि डॉ. राहुल ने मृतक की पत्नी काजल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। फिलहाल हत्याकांड में आरोपी राहुल जेल में बंद है। उनका कहना है कि काजल ने ही अपने कथित प्रेमी के जरिए रोहित की हत्या करवाई । इतना ही नहीं, परिजनों ने आरोप लगाया कि अब काजल उन्हें लगातार धमकियां दे रही है। उनका कहना है कि काजल कथित तौर
पर कहती है कि उसने ही रोहित की हत्या करवाई है और यदि परिवार ने डॉ. राहुल के खिलाफ कार्रवाई वापस नहीं ली तो उन्हें भी झूठे मामलों में फंसा दिया जाएगा। पीड़ित परिवार ने एसएसपी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर मृतक की पत्नी काजल के खिलाफ कार्रवाई की जाये ।


