Skip to main content

TR NEWS UP-UK

डीजे संचालकों को कावंड के दौरान नियमों का पालन करने के निर्देश

मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त संपन्न कराने हेतु डीजे संचालकों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई। सीओ सदर राजू साव ने डीजे संचालकों को जानकारी दी जातिगत , राजनीतिक सम्प्रदायिक गानों पर रहेगा बैन रहेगा और किसी भी सूरत में माहौल खराब नहीं करने दिया जाएगा।

कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त संपन्न कराने के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर श्री संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में आज दिनांक 12.07.2026 को रिजर्व पुलिस लाइन, मुजफ्फरनगर में सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर श्री सिद्धार्थ मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट श्री पंकज प्रकाश राठौर व क्षेत्राधिकारी सदर श्री राजू कुमार साव द्वारा जनपद के डीजे संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान कांवड सैल प्रभारी निरीक्षक श्री रविन्द्र यादव, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर श्री बृजेश शर्मा सहित पुलिस व प्रशासन के अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे।

गोष्ठी के दौरान कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे संचालन से संबंधित शासन एवं माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों तथा निर्धारित मानकों की विस्तृत जानकारी दी गई। सभी डीजे संचालकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि डीजे की ऊँचाई, ध्वनि स्तर (साउंड लिमिट) एवं अन्य सभी व्यवस्थाएं शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखी जाएं, जिससे श्रद्धालुओं, आमजन एवं यातायात व्यवस्था को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा यात्रा सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

इस दौरान अधिकारीगण द्वारा विशेष रूप से अवगत कराया गया कि अत्यधिक ऊँचाई वाले डीजे के विद्युत हाईटेंशन लाइनों अथवा अन्य अवरोधों के संपर्क में आने की आशंका बनी रहती है, जिससे कांवड़ यात्रियों के जीवन एवं सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। साथ ही बड़े आकार एवं अधिक ऊँचाई वाले डीजे राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर यातायात संचालन तथा आपातकालीन सेवाओं—जैसे एम्बुलेंस, फायर सर्विस एवं पुलिस वाहनों—के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न कर सकते हैं। इसलिए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, निर्बाध यातायात व्यवस्था एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम के दृष्टिगत डीजे की ऊँचाई एवं अन्य मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान सभी डीजे संचालकों से शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करने संबंधी शपथ-पत्र भी भरवाए गए। उन्हें स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई कि कांवड़ यात्रा के दौरान निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने, अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण फैलाने, डीजे की निर्धारित ऊँचाई से अधिक रखने अथवा अन्य नियमों की अवहेलना करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

अधिकारीगण द्वारा सभी डीजे संचालकों से अपील की गई कि वे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करें तथा शासन एवं माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें, जिससे कांवड़ यात्रा-2026 शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराई जा सके।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *