बिजनौर। मुजफ्फरनगर मार्ग पर देवल गांव में हाईवे पर जलभराव और सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण बिजनौर का मेरठ और मुजफ्फरनगर से वाहनों का आवागमन ठप्प होने से मेरठ व मुजफ्फरनगर से बिजनौर का सीधा संपर्क फिलहाल टूट गया है। प्रशासन ने मेरठ और मुजफ्फरनगर की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही रोकते हुए ट्रैफिक को रुड़की और गजरौला होते हुए डायवर्ट कर दिया है। देवल में मेरठ पौड़ी हाईवे पर पानी भरने के कारण बृहस्पतिवार दोपहर से बैराज से मीरापुर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। देखते ही देखते जाम बढ़ता हुआ बिजनौर जनपद की सीमा तक पहुंच गया। सड़क पर लगातार बह रहे पानी और यातायात सामान्य होने की संभावना न देखते हुए बिजनौर पुलिस ने मेरठ और मुजफ्फरनगर जाने वाले मार्ग पर बैरियर लगा दिए। इसके बाद दोनों शहरों की ओर जाने वाले वाहनों को गजरौला मार्ग से भेजा जाने लगा। देवल में हाईवे बंद होने के कारण बिजनौर से मेरठ और मुजफ्फरनगर जाने वाले वाहनों को बैरियर लगाकर रोका जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रैफिक को गजरौला मार्ग से डायवर्ट किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अनावश्यक यात्रा से बचें और सफर पर निकलने से पहले मार्ग की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।


