मुजफ्फरनगर। दिल्ली हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ग्राम नरा-जड़ौदा के समीप वर्षा के कारण राजमार्ग पर जलभराव की समस्या के चलते आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी। समस्या की जानकारी प्राप्त होते ही तहसीलदार सदर राधेश्याम गोंड द्वारा अपनी राजस्व टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों के समन्वय से जल निकासी की व्यवस्था कराई।
तहसीलदार के निर्देशन में राष्ट्रीय राजमार्ग पर भरे हुए पानी को शीघ्रता से बाहर निकाला गया। साथ ही जल निकासी को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से समीप स्थित नाले की जेसीबी मशीन के माध्यम से व्यापक सफाई कराई गई। नाले में जमा गाद, मिट्टी एवं अन्य अवरोधों को हटाकर जल प्रवाह को सामान्य किया गया, जिससे भविष्य में जलभराव की समस्या की पुनरावृत्ति की संभावना कम हो सके।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु के दौरान जल निकासी व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी स्थान पर जलभराव की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा एवं यातायात को सुचारु बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर राजस्व विभाग की टीम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा सभी ने समन्वित रूप से अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।


