जम्मू। अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई 2026 से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगी। यात्रा से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में उच्चस्तरीय बैठक कर सुरक्षा, लॉजिस्टिक्स और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की समीक्षा की। हर वर्ष लाखों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए इस कठिन तीर्थयात्रा पर निकलते हैं। श्रद्धालु पहलगाम और बालटाल दो मार्गों से पवित्र गुफा तक पहुंच सकते हैं, जिसमें बालटाल छोटा लेकिन अधिक कठिन मार्ग माना जाता है। यात्रा के दौरान टेंट आवास, लंगर, चिकित्सा सुविधा, ऑक्सीजन बूथ, क्लॉक रूम, पोनी-पालकी जैसी व्यवस्थाएं उपलब्ध रहेंगी। इस बार हेलीकॉप्टर सेवा पर रोक रहेगी और पूरा क्षेत्र ‘नो फ्लाइंग जोन’ घोषित किया गया है। श्रद्धालुओं को श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड की वेबसाइट या अधिकृत बैंक शाखाओं के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। आरएफआईडी कार्ड सभी यात्रियों के लिए अनिवार्य रहेगा। प्रशासन ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।


