मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाने के एसएसआई प्रवीण शर्मा को एंटी करप्शन टीम ने 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एंटी करप्शन टीम दरोगा को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए थाना सिखेड़ा ले गई, जहां आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। इस दौरान एंटी करप्शन टीम और दरोगा के बीच जमकर हाथापाई भी हुई।
दरोगा के खिलाफ रिश्वत की शिकायत की पुष्टि होने के बाद एंटी करप्शन टीम ने बुधवार दोपहर करीब एक बजे शिकायतकर्ता तय योजना के अनुसार 50 हजार रुपये लेकर सिविल लाइन थाने भेजा। जैसे ही उसने रकम दरोगा प्रवीण शर्मा को सौंपी, पहले से मौके पर मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया। कार्रवाई होते ही थाने में अफरा-तफरी मच गई।
आपको बता दें कि संबंधित मुकदमा 3 मार्च 2025 को कोर्ट के आदेश पर ग्राम दुधली के प्रधान मुकेश आर्य की शिकायत कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ था। इस मुकदमे में ओमपाल सिंह सहित कई लोगों को नामजद किया गया था और उन पर आर्य समाज की भूमि पर कब्जा करने तथा फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल के आरोप लगाए गए थे।
फिलहाल एंटी करप्शन टीम आरोपी दरोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।


