मुज़फ्फरनगर। जुलाई की शुरुआत के साथ ही मौसम ने अचानक करवट ले ली है। रिमझिम फुहारों के साथ दिन की शुरुआत हुई। इससे भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है।
बुधवार सुबह से आसमान में बादल छाए और कई स्थानों पर हल्की बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो गया है। तापमान में गिरावट आने के कारण लोगों ने राहत की सांस ली है। पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज धूप और उमस के चलते आमजन का जनजीवन प्रभावित हो रहा था। आज हल्की बारिश के बाद वातावरण में ठंडक घुल गई और बाजारों, सड़कों तथा सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही भी बढ़ गई। किसानों ने भी मौसम में आए बदलाव का स्वागत किया और इसे फसलों के लिए लाभदायक बताया।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम के इस बदलाव से क्षेत्रवासियों को गर्मी से काफी राहत मिली है और लोगों को उम्मीद है कि अब मानसून की गतिविधियां और तेज होंगी।


