मुजफ्फरनगर। एस.डी. कॉलेज ऑफ लॉ, मुजफ्फरनगर में योग महोत्सव के अंतर्गत योगाभ्यास एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
माँ शाकम्भरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर के निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अंतर्गत आयोजित योग महोत्सव कार्यक्रम श्रृंखला के क्रम में आज दिनांक 20 जून 2026 को भी एस.डी. कॉलेज ऑफ लॉ, मुजफ्फरनगर में योगाभ्यास एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ कॉलेज प्राचार्या डॉ रेनू गर्ग द्वारा सामूहिक योगाभ्यास एवं योग के महत्व पर विचार-विमर्श के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को योग के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय की निदेशक मंजु मल्होत्रा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन एवं आत्मिक विकास का भी आधार है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में सकारात्मक ऊर्जा एवं आत्मविश्वास का अनुभव करता है। वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. मुकुल गुप्त ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि योग केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन जीने की कला है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रीति लौर ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती हुई मानसिक एवं शारीरिक चुनौतियों के बीच योग तनाव मुक्ति का सबसे प्रभावी माध्यम है। योग व्यक्ति को आत्मनियंत्रण, धैर्य एवं सकारात्मक सोच प्रदान करता है। सहायक प्राध्यापक अनीता सिंह ने कहा कि योग के माध्यम से व्यक्ति अपने व्यक्तित्व का समग्र विकास कर सकता है। नियमित योगाभ्यास से कार्यक्षमता बढ़ती है तथा जीवन में संतुलन एवं एकाग्रता का विकास होता है। सहायक प्राध्यापक छवि जैन ने कहा कि योग स्वस्थ समाज के निर्माण की आधारशिला है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में योग को अपनाए तो अनेक शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं से बचा जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। शिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को योग के स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी भी प्रदान की गई। सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया तथा योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने नियमित रूप से योग करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। महाविद्यालय प्रशासन ने योग महोत्सव के सफल आयोजन हेतु सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया ।
इस अवसर पर डॉ. अमित चौहान, पूनम शर्मा, बीता गर्ग, डॉ. अभिनव गोयल, प्रदीप सिंघल, संतोष शर्मा, अमित त्यागी, वैभव कश्यप, अमित भारद्वाज, प्रीति दीक्षित, विपुल कुमार, डॉ. दीपक मलिक, उमेशचंद त्रिपाठी, शुभम सिंघल, मोहम्मद आमिर, विपुल अग्रवाल एवं साक्षी सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।


