मुजफ्फरनगर। उ0प्र0 शासन द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं पुनर्वास हेतु संचालित मिशन शक्ति अभियान के क्रम में, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन व पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में पॉक्सो एक्ट से संबंधित 03 पीड़िताओं को रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना के अंतर्गत ₹03-03 लाख (कुल ₹09 लाख) की आर्थिक सहायता का लाभ प्राप्त हुआ है तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर स्थित महिला सम्मान कोष शाखा द्वारा इसमें अहम योगदान दिया गया। उक्त सहायता राशि पीड़िताओं के पुनर्वास, शिक्षा एवं जीवनयापन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उपलब्ध कराई गई है, जिससे उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में सहयोग मिल सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में जनपद पुलिस महिला एवं बाल अपराधों से संबंधित प्रकरणों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित कर रही है कि पीड़िताओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से प्राप्त हो सके। इसी क्रम में आज दिनांक 19.06.2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा पीड़िताओं एवं उनके परिजनों से भेंट कर संवाद किया तथा उन्हें हर संभव सहायता, सुरक्षा एवं सहयोग का आश्वासन भी दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों के पीड़ितों के पुनर्वास एवं सशक्तिकरण के लिए शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना जनपद पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। भविष्य में भी ऐसी योजनाओं से अधिकाधिक पीड़ितों को लाभान्वित कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी, जिससे उन्हें आर्थिक सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक संबल भी प्राप्त हो सके।


