Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मुजफ्फरनगर में युवक को गोली मारने के मामले में दो गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के कल्लरपुर बाइपास पर युवक को गोली मारकर घायल करने के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घटना में शामिल दो नाबालिगों को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है। जबकि मुख्य आरोपी समेत तीन अन्य हमलावर अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम ओम पुंडीर नामक युवक को कैल्लरपुर बाइपास पर गोली मार दी गई थी। सीने में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल को पहले जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उसका उपचार मेरठ के अस्पताल में चल रहा है।

कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा ने बताया कि घटना से पहले रामपुर तिराहे पर ओम पुंडीर और उसके साथियों का दूसरे पक्ष के युवकों से विवाद हुआ था। इसके बाद ओम पुंडीर अपने साथियों के साथ गांव की ओर लौट रहा था। इसी दौरान कल्लरपुर बाइपास पर दोनों पक्षों का दोबारा आमना-सामना हो गया, जहां विवाद बढ़ने पर फायरिंग की गई और ओम पुंडीर गोली लगने से घायल हो गया।

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कनिष्क और आयुष उर्फ लक्की राजा निवासी उत्तरी रामपुरी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा घटना में शामिल दो नाबालिगों को भी बाल अपचारी के रूप में अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के अनुसार राज प्रजापति निवासी कच्ची सड़क ने ओम पुंडीर को गोली मारी थी। वह फिलहाल फरार है। उसके साथ तीन अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही हैं।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, जबकि घायल युवक का उपचार मेरठ में जारी है।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *