मुजफ्फरनगर । जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान के बीच हीट स्ट्रोक का खतरा गहरा गया है। एक बार फिर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक खुली धूप से बचने की सलाह दी है। प्राधिकरण का कहना है कि इस दौरान लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। आज फिर त ज धूप से लोग बेहाल रहे।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने बताया कि बढ़ती गर्मी और हीट वेव का असर मनुष्यों के साथ-साथ पशु-पक्षियों पर भी पड़ रहा है। जनहानि रोकने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि दोपहर 12 बजे से तीन बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। घर की निचली मंजिल पर रहने का प्रयास करें और ढीले व हल्के रंग के कपड़े पहनें। बासी और दूषित भोजन से परहेज करें। तबीयत खराब होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।
प्रशासन ने बच्चों और पालतू जानवरों को बंद वाहनों में न छोड़ने की अपील की है। सभी सरकारी कार्यालयों में प्राथमिक उपचार किट उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी संस्थान में किट नहीं मिलने पर संबंधित विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
हीट स्ट्रोक के लक्षण…
कमजोरी, चक्कर आना, सिरदर्द, घबराहट, उल्टी या उबकाई, अधिक पसीना आना और बेहोशी हीट स्ट्रोक के प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर प्रभावित व्यक्ति को तुरंत छायादार स्थान पर ले जाएं, गीले कपड़े से शरीर को ठंडा करें और चिकित्सक से संपर्क करें।
बचाव के उपाय..
पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।
खुले में काम करने के दौरान सिर और चेहरे को गीले कपड़े से ढकें।
छाते, टोपी या गमछे का उपयोग करें।
यात्रा के समय पानी साथ रखें।
घर को ठंडा रखने के लिए पर्दों और खिड़कियों का इस्तेमाल करें।
कार्यस्थलों पर ठंडे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
पशु-पक्षियों के लिए भी करें इंतजाम
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घरों के बाहर या बालकनी में छायादार स्थान पर पानी से भरे बर्तन रखें। समय-समय पर पानी बदलते रहें, ताकि भीषण गर्मी में पशु-पक्षियों को राहत मिल सके।
इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर से मिलेगी सहायता…
कलेक्ट्रेट परिसर स्थित इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर एक्टिव मोड़ में है। किसी भी आपात स्थिति में लोग टोल फ्री नंबर 1077, 0131-2436918 और 9412210080 पर संपर्क कर सहायता मांगी जा सकती है।


