मुजफ्फरनगर। जिला चिकित्सालय परिसर में आवारा कुत्तों के रविवार शाम अस्पताल में भर्ती एक तीन वर्षीय बच्ची पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल करने के बाद अफसरों की आंखे खुली और सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर निरीक्षण किया, परिजनों से मुलाकात की और सुरक्षा मजबूत करने के निर्देश दिए।
जिला चिकित्सालय के बच्चा वार्ड में भर्ती तीन वर्षीय बच्ची पर आवारा कुत्तों के हमले की घटना के बाद सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुनील तेवतिया जिला चिकित्सालय पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घायल बच्ची की मां इरम तथा अन्य परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और अस्पताल प्रशासन को सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार शेरपुर निवासी इरम अपनी तीन वर्षीय बेटी मेहराब को बुखार और उल्टी-दस्त की शिकायत के चलते जिला चिकित्सालय के बच्चा वार्ड में भर्ती कराकर उसका उपचार करा रही थीं। रविवार शाम अस्पताल की बिजली गुल हो जाने से वार्ड में अत्यधिक गर्मी हो गई। गर्मी से राहत पाने के लिए इरम अपनी बेटी को लेकर वार्ड के बाहर अस्पताल परिसर में बैठ गईं। इसी दौरान परिसर में घूम रहे आवारा कुत्तों का एक झुंड अचानक वहां पहुंच गया और बच्ची पर हमला कर दिया। कुत्तों ने मेहराब को बुरी तरह नोच डाला, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद तीमारदार और अन्य लोग मौके की ओर दौड़े तथा किसी तरह कुत्तों को भगाकर बच्ची को बचाया।
सोमवार को निरीक्षण के बाद मीडिया कर्मियों से बातचीत में सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि उन्हें रविवार को हुई घटना की जानकारी मिली थी। उन्होंने कहा कि अवकाश के दिनों में अस्पताल में मरीजों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम रहती है, फिर भी तीमारदारों से सतर्क रहने की अपील की गई है। सीएमओ ने बताया कि पूर्व में जिला चिकित्सालय परिसर से आवारा कुत्तों को पकड़वाने की कार्रवाई कराई गई थी, लेकिन उस समय कुछ डॉग लवर्स द्वारा सीएमएस और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ शिकायतें की गईं और एफआईआर तक दर्ज कराई गई थी। इसके बावजूद मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल के कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं तथा नगरपालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी (ईओ) को पत्र लिखकर अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्र में आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की गई है। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने अस्पताल प्रशासन को मरीजों और तीमारदारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा आज जिला चिकित्सालय मुजफ्फरनगर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन केंद्र तथा पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का गहन निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ई- संजीवनी टेलीमेडिसिन केंद्र पर आने वाले मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कुपोषित बच्चों को प्रदान की जा रही सुविधाओं एवं उपचार व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चिकित्सालय परिसर की साफ-सफाई, औषधियों की उपलब्धता तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने अपने कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना। उन्होंने प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।


