ग्रेटर नोएडा। पत्नी की आत्महत्या के बाद पुलिस की हिरासत से भागकर एक युवक ने आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने वाले युवक की पत्नी ने ग्रेटर नोएडा में जीएल बजाज कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली थी।
शनिवार को ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क में स्थित जीएल बजाज कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल की छत से कूदकर एक 19 वर्षीय युवती ने आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या करने वाली युवती पारूल चौधरी सिक्योरिटी गार्ड थी। शनिवार की सुबह पारूल चौधरी ने कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल की छत से छलांग लगा दी। उसके नीचे कूदते ही पूरे कॉलेज में हडक़ंप मच गया। आनन-फानन में पारूल को ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्प्ताल ले जाया गया। निरीक्षण करने के बाद कैलाश अस्पताल के डाक्टरों ने पारूल को मृत घोषित कर दिया था। पारूल की आत्महत्या के पीछे उसके पति सौरभ चौधरी से आपसी विवाद बताया जा रहा था। जानकार सूत्रों का दावा है कि ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाने की पुलिस ने पारूल के पति सौरभ चौधरी को हिरासत में ले रखा था। रविवार की देर रात को सौरभ थाने की पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। फरार होने के बाद सौरभ सूरजपुर में स्थित प्रेमकुंज कालोनी में अपने आवास पर पहुंचा। वहां पहुंचकर सोमवार की सुबह लगभग 7 बजे सौरभ ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

